विक्रमादित्य को भाजपा का जवाब, ज्ञान न बांटें जनाब

By: Feb 15th, 2020 12:15 am

शिमला –भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शशि दत्त व जिला अध्यक्ष रवि मेहता ने शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य के बयान पर पलटवार करते हुए कहा है कि जिस परिवार का हमेशा नाता आर्थिक अनियमितताओं से रहा हो तथा जिसको आर्थिक विषयों का ज्ञान न हो उन्हें आर्थिक विषयों पर ज्ञान नहीं बांटना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो परिवार आर्थिक अनियमितताओं के कारण बेल पर हो वह देश की आर्थिक स्थति पर ज्ञान बांटे, यह सहन नहीं किया जाएगा। भाजपा ने कहा कि देश के अंदर एक ईमानदार और लोक कल्याणकारी सरकार पिछले 6 वर्षों से चल रही है और गर्व की बात है कि 6 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार का दाग नहीं है तथा पूरे विश्व पटल पर भारत एक नई शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने कहा कि अगर विक्रमादित्य भूल गए हों तो उन्हें याद दिला दें कि कांग्रेस की मनमोहन सरकार के समय पूरा तिहाड़ जेल कांग्रेस के तब के मंत्रियों से भरा पड़ा था। आज देश व प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की पारदर्शी और विकास के लिए समर्पित सरकारें चल रही हैं। भाजपा सरकार का 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने का लक्ष्य है, जिसमें सरकार समर्पित भाव से काम कर रही है। आर्थिक मोर्चे पर केंद्र सरकार ने कई कदम उठाए हैं, जिससे कि जल्द ही वैश्विक आर्थिक सुस्ती को पीछे छोड़ भारत 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करेगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App