शराब छोड़…एलपीजी गैस करो सस्ती

By: Feb 20th, 2020 12:20 am

रोजमर्रा की वस्तुओं के रेट कम करे सरकार, कांग्रेस सेवादल यूथ ब्रिगेड अध्यक्ष ने उठाई आवाज

जोल – कर्ज में डूबी प्रदेश सरकार की राजस्व बढ़ाने के इरादे से लाई गई शराब नीति का कांग्रेस सेवादल यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष सुदर्शन सिंह बबलू ने आलोचना की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को अगर कुछ सस्ता करना ही है तो प्रदेश सरकार को सीमेंट, एलपीजी गैस सहित रोजमर्रा खाद्य वस्तुओं को सस्ता करना चाहिए, जिससे प्रदेश की आम जनता को लाभ मिल सके। सुदर्शन बबलू ने जयराम सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की नई नीति से प्रदेश में शराब सस्ती होने से राजस्व तो बढ़ेगा, लेकिन इससे प्रदेश के युवाओं का और भी अधिक शराब की लत में पड़ने की बात से इनकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले की पहाड़ की जवानी नशे की गर्त में फंसकर अपने हंसते खेलते परिवार को बर्बाद कर चुकी है और अब प्रदेश में शराब सस्ती होने से युवाओं पर इसका विपरीत असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार जहां युवाओं को नशे की दलदल से निकालने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने की कागजी बातें करती हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश सरकार द्वारा शराब को सस्ता करने की बात करना तर्क संगत नही है। जहां तक प्रदेश का राजस्व बढ़ाने की बात है तो इसे बढ़ाने के ओर भी कई तरीके हैं। सरकार को इसपर ध्यान देना चाहिए न कि शराब सस्ती करने पर। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मास्टर प्रीतम सिंह जम्वाल, डा. नरेश शर्मा, राकेश सोनी, राहुल सोनी, अजय कुमार व सुनील कुमार उपस्थित रहे।

आशा राणा ने संभाला सचिव का पद

गगरेट। लंबे अंतराल के बाद नगर पंचायत गगरेट के सचिव पद पर नियुक्ति का सूखा अब आकर खत्म हुआ है। अब तक जुगाड़ के सहारे भरे जा रहे सचिव पद पर शहरी विकास विभाग ने स्थायी नियुक्ति दी है। पदोन्नति के बाद सचिव बनी आशा राणा को नगर पंचायत गगरेट का सचिव नियुक्त किया गया है। बुधवार को आशा राणा ने सचिव पद का कार्यभार भी ग्रहण कर लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App