शिवरात्रि पर शिमला पर शिव कृपा

तीन सेेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज; 15 से नौ डिग्री तक पहुंचा पारा, आज भी तेवर दिखा सकता है अंबर

शिमला-शिमला में कई दिनों से बढ़ रहे तापमान के बाद शुक्रवार को पारा एकाएक लुढ़क गया। गुरुवार देर रात को शिमला के जाखू की चोटियों पर बर्फबारी हुई। मौसम विभाग शिमला केंद्र के मुताबिक राजधानी की चोटियों में लगभग तीन सेंटीमीटर की बर्फ दर्ज की गई है। बीते कुछ दिनों से शिमला का पारा 12 से 15 डिग्री सेल्सियस था। वहीं, गुरुवार देर शाम एकाएक बिगड़े मौसम और बर्फबारी के बाद राजधानी का पारा लुढ़क गया। बर्फबारी में सैलानी भी काफी खुश दिखे। वहीं, शुक्रवार को शिमला का अधिकतम तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। बर्फबारी के बाद शिमला ही नहीं बल्कि प्रदेश के विभिन्न जिलों के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें सुंदरनगर का पारा 18.7 डिग्री, वहीं मैदानी इलाकों में ऊना का पारा 24.6 डिग्री और नाहन का पारा 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। शिमला के कुफरी क्षेत्र में भी बर्फबारी हुई है, जिसमें 23.0 सेंटीमीटर बर्फ गिरी है। एकाएक बदले मौसम से न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है।  शिमला में शुक्र वार को काफी ठंड भी महसूस की गई। रिकॉर्ड पर गौर करें तो शिमला का न्यूनतम पारा 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। धर्मशाला 6.6, केलांग -3.7, मंडी 9.4, कुफरी -1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। बाकी क्षेत्रों के भी न्यूनतम तापमान पर गौर करें तो मनाली 4.0, कांगड़ा 11.0 और डल्हौजी 1.7 डिग्री  सेल्सियस दर्ज किया गया है। आगामी मौसम के बारे में शिमला केंद्र जानकारी दे रहा है कि 22 फरवरी तक प्रदेश में मौसम बिगड़ा रहेगा, जिसमें मध्य पर्वतीय क्षेत्र और उच्च पर्वतीय क्षेत्र में वर्षा के साथ हिमपात की संभावना जताई गई है। वहीं, 24 फरवरी से मौसम में बदलाव दर्ज किया जाएगा, जिसमें फिर से मौसम खुशनुमा रहेगा, जिसमें 27 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।