सूरजकुंड में हिमाचली संस्कृति की झलक

By: Feb 13th, 2020 12:01 am

शिमला – प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण हिमाचल प्रदेश ने 34वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में पर्यटन की विविधता से लाखों लोगों एवं पर्यटकों को आकर्षित किया है। थीम स्टेट के रूप में भागीदारी हिमाचल प्रदेश के लिए सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले का मंच पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक लाभदायक अवसर साबित हो रहा है। हिमाचल प्रदेश की विभिन्न भौगोलिक स्थिति, विविधता भरी संस्कृति, लोक परंपराएं, रीति-रिवाज पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हैं। इसके अतिरिक्त बर्फ से ढकीं पहाडि़यां, सुंदर घाटियां, झीलें, हरे-भरे जंगल, कल-कल बहती नदियां और झरने इत्यादि पर्यटकों के लिए प्रदेश में मुख्य आकर्षण हैं। देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने तथा राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग हरसंभव प्रयास कर रहा है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन मेलों, प्रदर्शनियों इत्यादि में भाग लिया जा रहा है और सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला 2020 भी इसी दिशा में एक कदम है। वहीं लोगों में हिमाचल भ्रमण के लिए उत्सुकता भी दिखी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App