हम्पी महोत्सव

By: Feb 22nd, 2020 12:22 am

भारत एक समृद्ध संस्कृति का देश है,जहां एक से ज्यादा धार्मिक संस्कृति के लोग एक साथ रहते हैं। इस कारण यहां मनाए जाने वाले त्योहार भी अलग-अलग हैं। इन त्योहारों में भारतीय संस्कृति की धार्मिक छवि के रंग देखने को मिलते हैं। जिससे यह अनुभूति होती है कि आज भी लोग अपनी परंपराओं को संजोए हुए हैं। हम्पी एक प्रसिद्ध शहर है और कभी यह काफी समृद्ध हुआ करता था, हालांकि इस शहर ने अब अपना आकर्षण खो दिया है और केवल हम्पी त्योहार के समय इसका लुप्त शौर्य फिर से देखने को मिलता है। वर्ष के इस समय में, जब हम्पी महोत्सव का आयोजन होने वाला होता है, तब यहां रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में जीवंतता महसूस करना शुरू कर देता है और सब अपने दिलों में आनंद का भाव महसूस करने लगते हैं। लोगों के मन में उत्साह और उमंग का संचार करने की मनोवृत्ति से इस महोत्सव का आयोजन किया जाता है। यह त्योहार नृत्य, संगीत, कला रूपों और आध्यात्मिक उत्सवों का मिश्रण है। यह त्योहार हम्पी में कई मंदिर समारोहों से जुड़ा हुआ है। पर्यटक हर मंदिर में जाते हैं और सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लेने से पहले अनुष्ठानों और समारोहों में भाग लेते हैं। इस महोत्सव में कठपुतली शो के साथ-साथ बहुत सारे नृत्य और संगीत के कार्यक्रम और कलाकारों द्वारा तैयार किए हुए नाटक भी देखने को मिलते हैं। महोत्सव के समय आसमान आतिशबाजी से जगमगाता है। संक्षेप में इस तीन दिवसीय उत्सव को मनोरंजक और मजेदार बनाने के लिए वह सब आवश्यक गतिविधियां यहां होती है, जो इसे पर्यटकों को इस समय यहां आकर्षित करने लिए जरूरी है। विजया उत्सव के रूप में भी जाना जाने वाला हम्पी महोत्सव बड़े उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार किसी सांस्कृतिक उत्सव से कम नहीं है और यह पूरे माहौल को काफी जीवंत और रंगीन बना देता है। इस बार यह महोत्सव 25 फरवरी से 27 फरवरी तक मनाया जाएगा।

हम्पी महोत्सव के प्रमुख आकर्षण

यहां इस महोत्सव में जीवंत हस्तशिल्प और कठपुतलियों को काफी रचनात्मक तरीके से प्रदर्शित किया जाता है। इन सब प्रमुख क्रियाओं के कारणों से अपने प्रियजनों के साथ घूमने के लिए इस महोत्सव को सबसे अद्भुत एवं आकर्षक पर्यटन स्थल माना जाता है। यह कर्नाटक सरकार द्वारा आयोजित किया जाता है और भारतीय उपमहाद्वीप में बड़ी संख्या में लोगों को आकर्षित करता है।

कैसे पहुंचें-

हवाई मार्ग – हम्पी से निकटतम हवाई अड्डा बेलगाम है और यह 270 किमी. की दूरी पर स्थित है। हवाई अड्डे के लिए सीधी उड़ानें हैं, जो दिल्ली और मुंबई जैसे प्रमुख शहरों से संचालित होती हैं। वहां से आप हम्पी तक पहुंचने के लिए टैक्सी या परिवहन के कोई अन्य साधन पकड़ सकते हैं।

सड़क मार्ग – सड़क के माध्यम से हम्पी की यात्रा करने के लिए कई विकल्प हैं, जो पर्यटक और यात्री अपनी सुविधा के अनुसार चुन सकते हैं।

रेल मार्ग- होस्पेट यहां का सबसे निकटतम रेलहेड है, जो हम्पी से 13 किमी. की दूरी पर स्थित है क्योंकि हम्पी में कोई और रेलवे स्टेशन नहीं है। होस्पेट रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद आपको कुछ अन्य साधन लेने होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App