हम नहीं देंगे पानी

By: Feb 19th, 2020 12:18 am

किन्नू पंचायत की महिलाओं ने कहा, पानी बाहर देने से प्रभावित हो जाएगी उनकी खेती, बंद हो जाएंगें घराट

रामपुर बुशहर –अगर यहां का पानी बाहर सप्लाई होता है तो क्षेत्र में होने वाली खेती खासी प्रभावित हो जाएगी। यहां तक कि यहां पर चलाए जा रहे घराट भी बंद हो जाएगें। ये बात किन्नू पंचायत की महिला मंडल बाड़ी की महिलाओं ने कही। उन्होंने आईपीएच विभाग पर आरोप जड़ा कि विभाग चुपचाप यहां का पानी अन्य जगह पर ले जा रहा है। जिससे उनकी खेतीबाड़ी व अन्य कार्यों पर प्रभाव पड़ेगा। ऐसे में ये पानी बाहर न ले जाया जाए। महिलाओं ने इसकी शिकायत ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार रामपुर डीसी नेगी के माध्यम से मुख्यमंत्री से की है। उनकी मांग है कि घई खड्ड से स्थानीय लोगों को लाभाविंत किया जाए। महिला मंडल प्रधान सरोज ने कहा कि भगावट गांव पिछड़ी व दुर्गम पंचायत किन्नू को दूर दराज बसा हुआ गांव है। जिसमें करीब दस उप गांव खूणी, हूरकू, डारडा, बाड़ी, धारा, झगधारा, थाच, एक्शा, टीकरा, धौंआ व कांटी आदि शामिल है। जिनकी आबादी करीब 800 के करीब है। उन्होंने कहा कि यहां के लोग आज भी खेती बाड़ी और भेड़ बकरियों पर निर्भर हैं। इसके साथ साथ यहां के लोग पारंपरिक खेती करने को मजबूर हैं। यहां पर आलू, मटर व सेब जैसी नकदी फसलों के उत्पादन बहुत कम मात्रा में होता है। उन्होंने कहा कि जो पारंपरिक अनाज ग्रामीणों द्वारा तैयार किया जाता है उसे घराट में पीसने के लिए लाया जाता है। लेकिन पंचायत और आईपीएच विभाग की मिलीभगत से जो पेयजल योजना अन्य क्षेत्रों के लिए ले जाई जा रही है उसकी वजह से घराट भी बंद पड़ जाएंगें। जिसके लिए महिला मंडल और स्थानीय लोगों ने कई बार पंचायत के माध्यम व अपने स्तर पर यहां के लिए नई पेयजल लाइन बिछाने की मांग की। लेकिन यहां पर उल्टा यहां के बजाए अन्य क्षेत्रों को पानी ले जाने के लिए तीन स्कीमें स्वीकृत कर टैंडर लगाए गए हैं और यहां की मांग लंबित पड़ी हुई है। जिसे लेकर महिला मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग कर उक्त योजना को बदल कर स्थानीय लोगों को लाभाविंत किया जाए और अन्य जो स्कीमें शुरू की है उसकी जांच करवाई जाए। ऐसा न होेने पर ग्रामीण लामबंद होकर आंदोलन करने को मजबूर होगें। जिसकी जिम्मेदारी सरकार व प्रशासन की होगी। इस मौके पर पूर्व पंचायत उपप्रधान लाल सिंह डिंग्टू, सुमित्रा, देवकी देवी, कला देवी, उषा देवी, शमशेर, शिशु पाल, दारा सिंह, लाल सिंह व तारा चंद आदि उपस्थित रहे।

 

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App