हिमाचली बेटी स्विट्जरलैंड टूरिज्म की प्रोमोटर

By: Feb 12th, 2020 12:05 am

विदेशी सरकार ने मनाली की आंचल ठाकुर का किया चयन

मनाली – विंटर स्पोर्ट्स में धाक जमाने वाली मनाली की आंचल ठाकुर अब स्विट्जरलैंड के टूरिज्म को प्रोमोट करेंगी। स्विट्जरलैंड सरकार ने आंचल ठाकुर को स्विट्जरलैंड आने का जहां न्यौता दिया है, वहीं विंटर टूरिज्म को प्रोमोट करने के लिए चयन भी किया है। आंचल ठाकुर के पिता रोशन ठाकुर ने बताया कि हाल ही में स्विट्जरलैंड सरकार के अधिकारियों ने उनसे संपर्क किया और स्विट्जरलैंड के टूरिज्म को प्रोमोट करने के लिए आंचल को न्यौता दिया। स्विट्जरलैंड सरकार का न्यौता स्वीकार करते हुए जहां आंचल ने स्विट्जरलैंड जाने की हामी भरी है, वहीं आंचल का स्विट्जरलैंड जाने का खर्चा भी वहां की सरकार ही उठाएगी। आंचल को इसके लिए विदेशी सरकार द्वारा अच्छी फीस भी दी जाएगी।  रोशन ठाकुर ने बताया कि आंचल मार्च महीने के पहले सप्ताह में स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो जाएगी। आंचल करीब एक सप्ताह स्विट्जरलैंड में रहेगी और इस दौरान वह वहां के विभिन्न पर्यटक स्थलों में पहुंच स्विट्जरलैंड के पर्यटन को प्रोमोट करेगी। उल्लेखनीय है कि विंटर स्पोर्ट्स में अंतराष्ट्रीय स्तर पर धाक जमाने वाली मनाली की आंचल ठाकुर अब स्विट्जरलैंड के पर्यटन करोबार के लिए काम करेगी। विंटर स्पोर्ट्स की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आंचल ठाकुर की इस नई उपलब्धि पर जहां उनके घर पर बधाई देने के लिए उनके प्रशंसकों की भीड़ जुट रही है, वहीं आंचल सभी का अभार भी व्यक्त कर रही है। यहां बता दें कि हाल ही उत्तराखंड के औली में हुए विंटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी आंचल ने गोल्ड व सिल्वर मेडल हासिल कर प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App