300 करोड़ का लेन-देन प्रभावित

By: Feb 1st, 2020 12:08 am

बैंकों की देशव्यापी हड़ताल का पहले दिन हिमाचल में व्यापक असर

शिमला  – बैंकों की दो दिवसीय देशव्यापी हड़ताल के चलते हिमाचल प्रदेश में पहले दिन करीब 300 करोड़ का लेन-देन प्रभावित हुआ है। लंबित मागों को लेकर यूनाइटेड फॉरम ऑफ  बैंक यूनियंस के आह्वान पर शुक्रवार से हिमाचल सहित पूरे देश में बैंक कर्मचारी सड़कों पर उतर आए। हड़ताल के पहले दिन बैंक कर्मचारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर रोष व्यक्त किया। बैंक कर्मी शनिवार को भी हड़ताल पर रहेंगे। यूनाइटेड फॉरम ऑफ बैंक यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने बैंक कर्मचारियों की मागों को पूरा नहीं किया तो मार्च माह के दौैरान फिर से तीन दिन की हड़ताल करेंगे। यह हड़ताल 11,12 व 13 मार्च को होगी। फिर भी मांगे न मानने पर अप्रैल माह से बैंक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। राजधानी शिमला में भी बैंक कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समीप प्रदर्शन किया। इस दौरान  बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जमकर नारेबाजी की। बैंक कर्मियों की दो दिन की हड़ताल के पहले दिन सामान्य बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहा। वेतन संशोधन को लेकर प्रबंधन के साथ बातचीत में सहमति नहीं बनने के बाद बैंक कर्मचारी हड़ताल पर हैं। हड़ताल में नौ बैंक यूनियनों ने भाग लिया है। यूनाइटेड फॉरम ऑफ  बैंक यूनियंस के प्रदेश संयोजक गोपाल शर्मा ने बताया कि बैंक यूनियंस के करीब 10 लाख अधिकारी व कर्मचारी दो दिन की हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध के विरोध में मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है। एआईबीओसी के प्रधान नरेंद्र चौहान ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की राज्य में एक दिन के दौरान करीब 300 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App