आज रिटायर होंगे शिक्षाविद

By: Mar 31st, 2020 12:15 am

सरकारी आफिस बंद होने के बाद भी नहीं मिलेगा सेवा विस्तार, कर्फ्यू खत्म होते ही होंगी औपचारिकताएं

शिमला – शिक्षा विभाग से मंगलवार को प्रधानाचार्य, मुख्याध्यापक व कई शिक्षक सेवानिवृत्त होंगे। कर्फ्यू लगने व सरकारी ऑफिस बंद होने के बाद भी इन शिक्षकों को सेवाविस्तार नहीं दिया जा रहा है। ऐसे में 31 मार्च को शिक्षा विभाग से इतने शिक्षाविदो के रिटायर होने के बाद कई पद भी खाली रह जाएंगे। जानकारी के अनुसार राज्य के सरकारी स्कूलों में कार्यरत 33 प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापक सहित दो दर्जन के करीब शिक्षक एक साथ 31 मार्च को एक साथ सेवानिवृत्त होंगे। स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की तर्ज पर शिक्षा विभाग में कार्यरत, शिक्षकों, प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापकों को सेवाविस्तार नहीं मिलेगा। प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालय 31 मार्च तक बंद हैं। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति को लेकर आधिकारिक औपचारिकताओं को बाद में पूरा किया जाएगा। पेंशन और जीपीएफ से संबंधित प्रक्रिया को भी बाद में ही पूरा किया जाएगा। इसके चलते सेवानिवृत्त होने वाले शिक्षक, प्रधानाचार्य और मुख्य अध्यापकों की पेंशन लगने में कुछ देरी हो सकती है। शिक्षा विभाग के मुताबिक इस साल 262 प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक और स्कूल लेक्चरर रिटायर होंगे। हर महीने औसतन 15 से 20 प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक और स्कूल लेक्चरर सेवानिवृत्त होंगे। यानी भर्ती और पदोन्नति की प्रक्रिया को समय पर शुरू नहीं किया जाता, तो शिक्षकों की खासी कमी विभाग में खलने वाली है। विभाग ने इसे देखते हुए पदोन्नति की प्रक्रिया को भी शुरू कर दिया है। निदेशालय में हर कैडर के लिए पदोन्नति का पैनल तैयार कर दिया गया है। निदेशक उच्चतर शिक्षा डा. अमरजीत शर्मा ने कहा कि जो शिक्षक सेवानिवृत्त होने हैं, वे 31 को सेवानिवृत्त माने जाएंगे। आधिकारिक प्रक्रिया को बाद में पूरा कर दिया जाएगा। इस साल स्कूलों में कितने प्रधानाचार्य, मुख्य अध्यापक सेवानिवृत्त होंगे, इसका पूरा रिकार्ड तैयार किया गया है। इसके हिसाब से पदोन्नति की प्रक्रिया को शुरू कर दिया जाएगा। पदोन्नति के अलावा भर्ती प्रक्रिया से भी खाली पदों को भरा जा रहा है।

अभी ये हैं खाली पद

पद   सृजित पद      खाली

प्रधानाचार्य 1861      319

प्रवक्ता     16510     2286

मुख्याध्यापक931     95

 इन महीनों में सेवानिवृत्ति

जनवरी    26

फरवरी     24

मार्च       33

अप्रैल      39

मई         19

जून        18

जुलाई     6

अगस्त     19

सितंबर    24

अक्तूबर   20

नवंबर     17

दिसंबर    8


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App