कांगड़ा में 99 के लिए सैंपल, 96 नेगेटिव

By: Mar 30th, 2020 12:03 am

सबसे बड़े जिला में तीन मामले आए थे पॉजिटिव; संपर्क में आए सात लोगों की आज आएगी रिपोर्ट, विदेश से आए 1272 संदिग्ध, 566 होम क्वारंटाइन

धर्मशाला – हिमाचल के सबसे बड़े जिला कांगड़ा में कोरोना वायरस का राज्य में सबसे अधिक प्रकोप बना हुआ है। इसी कड़ी में जिला में 99 विदेश से आए लोगों व संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में आए व्यक्तियों के सैंपल लिए गए हैं, जिसमें तीन पॉजिटिव के अलावा अब तक सभी 96 सैंपल नेगेटिव आए हैं। वहीं, लक्षण पाए जाने वाले रोगियों के संपर्क में आए सात अन्य लोगों के सैंपल की रिपोर्ट सोमवार को आएगी। देश सहित प्रदेश में पूरी तरह से कर्फ्यू लगाना भी कोरोना को रोकने में कारगर साबित हो रहा है। अब तक एक पॉजिटिव मामला स्वस्थ हो गया है और उनकी रिपोर्ट नेगेटिव हो गई है, जबकि एक का इलाज चल रहा है, जबकि एक की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग कांगड़ा को अब तक 1272 लोगों का पता चला है, जिन्होंने संक्रमित सहित अन्य देशों की यात्रा की है और अब जिला में पहुंचे हुए हैं। इनमें से 315 लोग 28 दिनों तक स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में रहने का समय पूरा कर चुके हैं। 244 लोग जिला कांगड़ा को छोड़कर जा चुके हैं, वहीं 566 लोगों को घरों में क्वारंटाइन में रखा गया है। इसके अलावा 21 लोगों को संस्थागत क्वारंटाइन में रखा गया है, जो कि जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा विभाग द्वारा 123 विदेश से लौटने वाले लोगों के साथ भी सपंर्क किया जा रहा है।

अफवाहों पर गौर न करें लोग

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डा. गुरदर्शन गुप्ता जी ने बताया कि लोगों को सामाजिक डिस्टेंसिंग, खांसी, लगातार हाथ धोने जैसे निवारक उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया। जनता से किसी भी अफवाहों पर विश्वास न करने की अपील की। उन्होंने सरकारी व मान्यता प्राप्त विश्वसनीय चैनलों व प्रिंट मीडिया से प्रामाणिक जानकारी पर भरोसा करने की बात कही है। उन्होंने विदेश यात्रा के संबंध में जानकारी के स्व प्रकटीकरण के लिए जनता से अपील की या पुष्टि की गई कोविड-19 मामले के साथ संपर्क में आए लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा दी गई सलाह का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संबंध में कोई भी प्रश्न या जानकारी तुरंत टोल फ्री नंबर 1077 और 104 के साथ साझा कर सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App