कान्फ्रेंस से कर्फ्यू-लॉकडाउन की ब्रीफिंग

By: Mar 29th, 2020 12:22 am

सीएम से प्रदेशाध्यक्ष व प्रभारियों की चर्चा, पार्टी संगठन सरकार के साथ

शिमला-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व प्रभारियों ने कर्फ्यू और लॉकडाउन की स्थिति को लेकर सीएम जयराम ठाकुर के साथ  वीडियो कान्फ्रेंस के जरिए चर्चा की। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री और भाजपा के संसदीय क्षेत्र के प्रभारियों के साथ संवाद के दौरान कोरोना की स्थिति पर विस्तृत चर्चा में भाग लिया। इस दौरान जहां मुख्यमंत्री ने कर्फ्यू और लॉकडाउन के दौरान सरकारी स्तर पर किए जा रहे कार्यों की ब्रीफिंग की, वहीं भाजपा अध्यक्ष और पदाधिकारियों द्वारा संगठन की ओर से किए जाने वाले सेवा कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। डा. बिंदल ने सरकार व प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कोविड-19 कोरोना के पोजिटिव केस ठीक होने की सूचना उत्साहवर्धक है। डा. राजीव बिंदल ने मुख्यमंत्री को संवाद के दौरान बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आह्वान पर हिमाचल के 7793 बूथों पर चिन्हित अभावग्रस्त लोगों को ‘आपदा राशन किट’ के माध्यम से 15 दिन का राशन उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया पर कार्य चल रहा है। उन्होंने बताया कि सभी जिला प्रभारी द्वारा अपने अपने जिला से दानदाताओं और अभावग्रस्त व्यक्तियों की सूची प्राप्त कर संसदीय क्षेत्र के प्रभारियों को सौंपा जा रहा है और शीघ्र ही इस कार्य को पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भोजना के अभाव में भूखा न सोए, संगठन इस संकल्प को लेकर आगे बढ़ने का प्रयास कर रहा है। डा. बिंदल ने मुख्यमंत्री को कर्फ्यू और लॉकडाउन के दौरान आमजन को पेश आ रही समस्याओं से विस्तृत रूप से अवगत करवाया।

कर्फ्यू में जनता को आ रही दिक्कतों पर चर्चा

डा. बिंदल ने आम जन की समस्याओं के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों को आ रही परेशानियों पर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। इसके अलावा राशन, सब्जियां, दूध, डिपो में राशन की सप्लाई को भविष्य में भी सुचारू रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश देने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया। इसके साथ ही उन्होंने स्ट्राबेरी जैसे किसान के उत्पाद के लिए भी व्यवस्था करने का आग्रह किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App