कामगारों के लिए भोजन का प्रबंध करें उद्योगपति

By: Mar 30th, 2020 12:05 am

नाहन – विधायक नाहन एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कर्फ्यू और लॉकडाउन के दौरान गरीब, जरूरतमंद और श्रमिकों को भोजन की व्यवस्था के लिए समाज के प्रमुख लोगों को आगे आने का आह्वान किया है। डा. बिंदल ने उद्योगपतियों से भी आग्रह किया कि वे अपने उद्योगों के श्रमिकों के खान-पान, स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखें। उन्होंने आग्रह किया कि कफर्यू और लॉकडाउन में राशन और अन्य जरूरी सामान को निःशुल्क प्राप्त करने के लिए केवल वे लोग आगे आएं जो पूर्णतः निर्धन और अभावग्रस्त हैं।  डा. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में नाहन भाजपा मंडल द्वारा अभावग्रस्त जरूरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध करवाने के लिए दानदाताओं और जरूरतमंद लोगों की सूचियां बनाने का कार्य पूर्ण कर राशन पहुंचाना आरंभ कर दिया गया है। उन्होंने आग्रह किया है कि केवल वे लोग ही निःशुल्क राशन प्राप्त करने के लिए केवल गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति ही आगे आएं। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि यद्यपि जयराम ठाकुर सरकार प्रदेश भर में राशन, दूध, सब्जियां, फल, दवाइयां, घरेलू गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुनिश्चित बना रही है, किंतु संगठन स्तर पर भी हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि निर्धन और जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर लगभग 25 हजार दानदाताओं की सूचियां पहुंच चुकी हैं जो एक-एक किट दान में देंगे। एक किट में 10 किलो आटा, पांच किलो चावल, दो किलो दाल, एक किलो तेल, एक किलो चीनी व एक किलो नमक होगा। यह किट हमारे कार्यकर्ता केवल उन्हीं को देंगे जिन्हें वे जरूरतमंद समझते हुए सूचीबद्ध करेंगे। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि मानीनय मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के आह्वान पर भाजपा का कार्यकर्ता संकट के समय समाज के साथ खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि  भाजपा के  राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा प्रदेश के 17 जिलाध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री व संसदीय प्रभारियों से वीडियो कान्फ्रेन्स से वार्ता करके हिमाचल के कार्यों की समीक्षा लेंगे व आगामी निर्देश जारी करेंगे। डा. बिंदल ने कहा हमारा देश वर्तमान में विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है। किंतु हम सौभाग्यशाली हैं देश का नेतृत्व नरेंद्र मोदी और प्रदेश का नेतृत्व जयराम ठाकुर के हाथों में है। हमें हर सूरत में धैर्य धारण करते हुए कोरोना जैसी महामारी का सामना करना है। हम सब मिलजुलकर समाज का सहयोग करें तो हम इस लड़ाई को जरूर जीत पाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App