किन्नौर में फंसे 44 कामगार

By: Mar 29th, 2020 12:20 am

रिकांगपिओ – किन्नौर जिला के रिकांगपिओ, टापरी सहित स्पिलो आदि क्षेत्रों में अपने काम-धंधे की तलाश में पहुंचे 44 मजदूर कर्फ्यू के कारण फंसे पड़े हैं। अब इन लोगों के पास खाद्य सामग्री सहित खाना पकाने के लिए मिट्टी तेल खत्म होने लगा है। किन्नौर में फंसे इन मजदूरों में 39 पुरुष चार महिलाएं एवं एक छोटा बच्चा शामिल है। यह सभी लोग बिहार एवं झारखंड राज्यों से काम-धंधे की तलाश में 18 मार्च को ही किन्नौर आए थे। रिकांगपिओ के दो नालू नामक स्थान पर फंसे आलम, अख्तर हुसैन, गंगा भाजी, नागेंद्र साह, विकास कुमार, मुन्नाह साह तथा दूसरे समूह में वीरेंद्र दुबे, ब्यास भाजी, दीपक साह एवं राजन भाजी शामिल हैं, जबकि जिला के टापरी में फंसे लोगों में राजू साह, सुरेश कुमार, सिकंदर कुमार, देवा नंद साह एवं कमजोरी देवी शामिल है। इसके अतिरिक्त रिकांगपिओ के शिवलिंग व्यू होटल के पीछे रोहित मिश्रा सहित 14 मजदूर, हास्पिटल मोड़ के पास तीन झारखंड के मजदूर, अभिषेक होटल के पास पांच मजदूरों के अलावा स्पिलो नामक स्थान में भी सात मजदूर शामिल हैं। हालांकि यह सभी मजदूर अलग-अलग समूहों में किराए के मकानों में रह रहे हैं। लेकिन इन लोगों के पास खाद्य वस्तुओं के अलावा मिट्टी तेल एवं गैस सिलेंडर की किल्लत होनी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि इन मजदूरों के पास अब रुपए भी नहीं बचे हैं। इन लोगों से बात करने पर यह बात साफ है कि सभी मजदूर अच्छी तरह समझ गए हैं कि उन्हें जगह छोड़कर कहीं नहीं जाना है। मगर राशन की कमी के चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब तक प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी इन मजदूरों तक पहुंच नहीं पाया है। इन मजदूरों के ठेकेदार सफला आलम कहते हैं कि हम सभी बिहार के नजदीक गांव से संबंध रखते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App