किन लोगों से मिलीं कनिका कपूर, सबकी होगी जांच, जानकारी छिपाई तो दर्ज होगा केस

By: Mar 20th, 2020 9:11 pm

लखनऊ उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हुई एक हाई प्रोफाइल पार्टी कोरोना वायरस फैलाने का बड़ा कारण बन रही है। इस पार्टी में शामिल हुईं सिंगर कनिका कपूर को कोरोना वायरस संक्रमित पाया गया है। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने आदेश दिया है कि उन लोगों की जांच की जाए, जो इस पार्टी में शामिल हुए थे। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन लोगों ने जानकारी छिपाए रखी, उनके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जाए। यूपी के अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी ने लखनऊ के डीएम को आदेश दिया है कि कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की जांच की जाए। लखनऊ के डीएम अभिषेक प्रकाश को 24 घंटे में इसकी रिपोर्ट देनी है। कनिका कपूर की पार्टी में गए लोगों की पहचान सीसीटीवी के जरिए की जाएगी। वहीं, जानकारी छुपाने वाले लोगों के खिलाफ मुकदमा किया जाएगा। यूपी सरकार ने आदेश दिया है कि कनिका कपूर के कुल तीन कार्यक्रमों में जिन-जिन लोगों ने हिस्सा लिया था, उनकी पहचान की जाए। सभी लोगों को चिह्नित करके उन्हें आइसोलेशन में रखा जाए।

कई नामचीन लोग भी पार्टी में हुए शामिल
लखनऊ में हुई इसी पार्टी में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और उनके बेटे दुष्यंत सिंह ने भी हिस्सा लिया था। इन दोनों नेताओं और इनके संपर्क में आए लोगों ने भी खुद को आइसोलेट कर लिया। दुष्यंत सिंह इस पार्टी के बाद संसद भी गए थे इसलिए कई सांसदों ने भी खुद को आइसोलेशन में रखने की सूचना दी है। राज्य सरकार की ओर से कहा गया है कि जिस-जिस पार्टी में कनिका कपूर गई थीं, उसकी जांच की जाएगी। इसका पता लगाया जाएगा कि इन पार्टियों में कौन-कौन लोग शामिल हुए थे। इस पूरे मामले की जांच लखनऊ के डीएम करेंगे और एक दिन के अंदर राज्य के गृह विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। लखनऊ में कनिका कपूर के अलावा तीन और लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद राज्य सरकार हाई अलर्ट पर है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App