जरूरतमंदों को खुद न बांटें सामान

By: Mar 29th, 2020 12:20 am

डीसी बोले, मदद करनी है तो परियोजना अधिकारी से संपर्क करें, कैंप भी लगाएंगे

ऊना – अपने स्तर पर जरूरतमंदों को राशन व अन्य आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई घातक सिद्ध हो सकती है। यह बात शनिवार को उपायुक्त ऊना संदीप कुमार ने एक प्रेस वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि आगे आकर समाज की मदद करने की भावना का सम्मान है, लेकिन ऐसा करना धारा-144 का उल्लघंन भी है और इससे एक ही स्थान पर बार-बार राशन पहुंच जाएगा, जिससे सभी जरूरतमंद लोगों तक राशन की सप्लाई नहीं हो पाएगी। जिलाधीश ने कहा कि जो भी व्यक्ति मदद करना चाहते हैं वह जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी संजीव ठाकुर से संपर्क कर सकते हैं, ताकि उचित व्यवस्था बनाई जा सके। उन्होंने बताया कि शनिवार तक लगभग 10 हजार परिवारों तक राशन पहुंचाया गया है और इसे आने वाले दिनों में तेज किया जा रहा है। उन्होंने लंगर लगाने वालों को सावधान करते हुए कहा कि ऐसा करना संक्रमण का कारण बन सकता है।

जो जहां है, वहीं रहे

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला ऊना के कई लोग बाहरी राज्यों में फंसे हैं, ऐसे व्यक्ति जिला प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं। उनके रहने व खाने की व्यवस्था वहीं के प्रशासन से बातकर करवाई जाएगी।

टैक्सियों के रेट किए तय

डीसी ने कहा कि आपात स्थिति में अगर किसी को टैक्सी की आवश्यकता है तो इसके लिए जिला प्रशासन ऊना ने रेट तय कर दिए हैं। ऊना से पीजीआई चंडीगढ़ तक छह सीटर वाहन के लिए 3200 रुपए, चार सीटर वाहन के लिए 2700, ऊना से होशियारपुर तक छह सीटर वाहन के लिए 1500 रुपए, चार सीटर वाहन के लिए 1200 रुपए, ऊना से कांगड़ा के लिए छह सीटर का रेट 2700 रुपए तथा चार सीटर का किराया 2200 रुपए होगा। इसके अलावा ऊना से लुधियाना के लिए छह सीटर गाड़ी का किराया 3300 रुपए तथा चार सीटर का रेट 2800 रुपए तय किया गया है। साथ ही आपात स्थिति में 10 किमी तक ऊना लोकल में जाने के लिए भी टैक्सी प्राप्त की जा सकती है। छह सीटर वाहन के लिए 500 रुपए तथा 4 सीटर टैक्सी के लिए 300 रुपए चुकाने होंगे। आपात स्थिति में यात्रा के लिए पास जारी किए जाएंगे, जिसके लिए फोटो लाना अनिवार्य होगा।

पशु चारे का इंतजाम किया

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि पशु चारे का इंतजाम कर दिया गया है। पंजाब से काफी संख्या में गाडि़यां जिला ऊना पहुंच रही हैं। पशु चारे के लिए अपने नजदीकी पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App