पंजाब-चंडीगढ़ में 31 तक लॉकडाउन

By: Mar 23rd, 2020 12:02 am

कोरोना वायरस का कहर रोकने के लिए प्रशासन ने उठाया कड़ा कदम

चंडीगढ़ – पंजाब में कोरोना से पीडि़तों की संख्या 21 होने जाने के मद्देनजर तथा इसका प्रकोप और फैलने से रोकने के लिए राज्य सरकार ने सभी जिलों में 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेदर सिंह ने मुख्य सचिव करन अवतार सिंह को स्थिति पर नजर रखने तथा सभी जिला अधिकारियों के साथ समन्वय कायम करने के निर्देश दिए हैं। लॉकडाउन के दौरान अस्पताल, दवाइयों की दुकानें, खाना आपूर्ति करने वाली दुकानें और आपात सेवाएं खुली रहेंगी। लोगों को बाहर नहीं निकलने और घरों में ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें कहीं आने जाने की अनुमति नहीं होगी। राज्य में लोगों के प्रवेश करने और बाहर जाने पर पूर्ण रोक लग गई है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा है कि दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वालों को पूरी तरह से सेनेटाइज किया जाएगा। सरकार ने अफवाह फैलाने वालों के साथ भी कड़ाई से निपटने का फैसला लिया है। राज्य में शनिवार तक कोरोना पीडि़तों के 14 मामले सामने आए थे, लेकिन सात नए मामले सामने आने के बाद अब इनकी कुल संख्या 21 हो गई है। राज्य के नवांशहर में एक 70 वर्षीय एक बुजुर्ग की कोरोना से मौत के बाद उसके संपर्क में आए सात परिजनों के सैंपल भी पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी को कड़ी निगरानी में अस्पतालों में रखा गया है। उधर, चंडीगढ़ प्रशासन ने भी 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया है। शहर में कारोना पीडि़तों के अब तक छह मामले सामने आ चुके हैं। शहर में लंदन से लौटी एक युवती के संपर्क के आए उसकी मां, भाई, कुक, पंचकूला के एक पार्लर की महिला और मोहाली की युवती के सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। चंडीगढ़ प्रशासन ने अभी तक कोरोना के 203 संदिग्धों को उनके घरों में बंद कर दिया है तथा ऐसे घरों में किसी को भी नहीं जाने के आदेश जारी किए गए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App