प्रवासियों को मुर्गा बनने की सजा देने पर महिला कांस्टेबल पर कार्रवाई

By: Mar 29th, 2020 12:20 am

बिलासपुर- बरमाणा में प्रवासियों को मुर्गा बनने की सजा देना एक महिला कांस्टेबल को महंगा पड़ा है। एसपी दिवाकर शर्मा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला कांस्टेबल को 11 दिनों की पनिशमेंट ड्रिल दी है। वहीं, उन्होंने जिला के सभी एसएचओ को भी आगाह किया है कि भविष्य में इस तरह की पुनरावृत्ति होने पर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया जाएगा। लॉकडाउन के बीच शनिवार को बरमाणा में सड़क पर जा रहे कुछ प्रवासियों को पुलिस ने एसीसी फैक्टरी के गेट के बाहर मुर्गा बनने की सजा सुनाई थी। टांगों के नीचे से कान पकड़े प्रवासियों की यह फोटो और वीडियो वायरल भी हो गई। इसका पता चलने पर एसपी दिवाकर शर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित महिला कांस्टेबल को 11 दिनों की पनिशमेंट ड्रिल दी है। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों से चलकर अपने राज्यों में पहुंचने का प्रयास कर रहे प्रवासियों के साथ किसी भी पुलिस कर्मी का इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। वे इसी देश के नागरिक हैं। उनके साथ सहानुभूति दिखाते हुए उन्हें भोजन व रहने की व्यवस्था की जानी चाहिए। भविष्य में इस तरह की घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी भी थाना क्षेत्र में ऐसी कोई घटना होती है तो संबंधित एसएचओ को तुरंत प्रभाव से लाईन हाजिर किया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App