बफर क्वारनटाइन के बाद जाएंगे घर

By: Mar 30th, 2020 12:05 am

चंबा के एंट्री प्वाइंट्स पर बाहरी राज्यों से आए लोगों को फालो करनी होगी प्रोसेस

चंबा – उपायुक्त विवेक भाटिया ने कहा है कि देशव्यापी लाकडाउन के चलते चंबा जिला में बाहरी राज्यों व जिलों से आने वाले लोगों को अब प्रशासन की बफर कारंटाइन प्रक्रिया से गुजरना पडेगा। इसके लिए चंबा जिला के एंट्री प्वाइंट पर स्थल चिन्हित कर दिए गए हैं। बफर कारंटाइन में रहने के बाद ही लोगों को घर भेजा जाएगा। विवेक भाटिया ने स्पष्ट किया कि इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कडा कानूनी एक्शन लिया जाएगा।  उन्होंने आहवान किया कि लाकडाउन के चलते जो लोग जहां हैं वहीं रहें। फिलहाल चंबा जिला में बाहरी राज्यों व जिला के लोगों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। केंद्र व प्रदेश सरकार ऐसे लोगों की सुविधा के लिए हरसंभव प्रयत्न कर रही हैं। इसके अलावा ऐसे लोगों की सुविधा के लिए सरकार की ओर से व्हाटसएप्प पर हेल्पलाइन नं 8988326950 भी जारी किया गया है। वह रविवार को परिधि गृह परिसर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विवेक भाटिया ने कहा कि चंबा जिला के तुनुहटटी, लाहडू व हटली बैरियर पर कडा पहरा बिठाया गया है। इन जगहों में नजदीकी स्कूल, सराय व सामुदायिक भवनों को बफर कारंटाइन के लिए बनाया गया है। जहां पुरूषों व महिलाओं के लिए अलग- अलग व्यवस्था की गई है। बफर करंटाइन में लोगों को कडे पहरे के बीच तमाम सुविधाएं दी जाएंगी। 14 दिनों की बफर कारंटाइन के बाद प्रशासन ऐसे लोगों को घर भेजने के लिए वाहन की सुविधा भी मुहैया करवाएगा। विवेक भाटिया ने कहा कि लाकडाउन की पालना न करने वालों के साथ अब सख्ती के साथ निपटा जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को समझाना चाहिए कि यह तमाम व्यवस्था उनको कोरोना वायरस के संक्त्रमण से बचाने के लिए की जा रही है। ऐसे में लोगों को इसमें सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि चोरी- छिपे जिला में प्रवेश करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई से गुरेज नहीं किया जाएगा। विवेक भाटिया ने कहा कि दोहराया कि लोग सोशल डिस्टेंसिंग का विशेष ध्यान रखे। कोरोना वायरस संक्त्रमण से बचने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग की पालना बेहद जरूरी है।  इस दौरान लोगों को किसी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पडे इसके लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयत्न किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से आहवान किया कि लाकडाउन की महत्ता को समझते हुए घरों में रहकर खुद को सुरक्षित रखें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App