बुजुर्ग दंपत्ति के लिए मसीहा बनकर आई खाकी

By: Mar 31st, 2020 12:05 am

बीमारी के चलते में शहर में भटक रहे थे दोनों, अस्पताल में करवाया इलाज

हमीरपुर – ठीक कहते हैं कि बुढ़ापा सबसे ज्यादा दर्दनाक होता है। इस दौरान अपने साथ छोड़ देते हैं। ऐसा ही एक वाक्या हमीरपुर में देखने को मिला सोमवार दोपहर के समय एक वृद्ध दंपत्ति गांधी चौक पर आ गया। यहां पर पुलिस के जवानों ने उन्हें रोका तो पता चला कि वृद्ध पुरुष किसी बीमारी से ग्रसित है तथा उसकी पत्नी उसे अस्पताल ले जा रही है। इसके बाद दोनों को अस्पताल भेज दिया गया। हालांकि अस्पताल में बिना उपचार मिले ही उन्हें घर जाने के लिए कह दिया गया। अभी वृद्ध दंपत्ति आधे रास्ते ही पहुंचा था कि वृद्ध पुरुष की हालत खराब हो गई। इसी बीच कुछ मीडिया कर्मी वहां पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही एसएचओ हमीरपुर संजीव गौतम गाड़ी लेकर तुरंत मौके पर पहुंच गए और वृद्ध दंपत्ति को गाड़ी में बैठाकर तुरंत अस्पताल ले गए। यहां एमर्जेंसी में वृद्ध का उपचार करवाया गया। इसके साथ उन्हें पुलिस की गाड़ी में ही घर छोड़ा गया। जानकारी के अनुसार कर्फ्यू के दौरान लोगों का दस बजे के बाद घरों से बाहर निकलना मना है। वृद्ध दंपत्ति बीमारी की हालत में बाहर निकल गया। वृद्ध महिला का कहना था कि उसका बेटा भी घर पर है, लेकिन उनके साथ नहीं आया। हो सकता है कि कर्फ्यू की सख्ती के चलते बेटा आने में विवश हो। हालांकि इस वृद्ध पुरुष को पुलिस व मीडिया कर्मियों ने मदद से सही समय पर उपचार मिल गया। इसके बाद सुरक्षित वृद्ध दंपत्ति को घर पहुंचा दिया गया। एसएचओ हमीरपुर संजीव गौतम ने बताया कि अगर कोई व्यक्ति बीमार है तथा चलने फिरने में असमर्थ है तो पुलिस को सूचित करें। ऐसे लोगों की हरसंभव मदद की जाएगी। आपको यह भी बता दें कि पुलिस ने अपनी गाड़ी में बैठाने से पहले वृद्ध दंपत्ति के हाथ सेनेटाइज करवाए, इसके बाद उन्हें पूरे आदर सम्मान के साथ उपचार के बाद गाड़ी में भी घर पहुंचा दिया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App