भारत में कोरोना वायरस: नोएडा का चौथा मामला सामने, इंडोनेशिया से लौटा शख्स संक्रमित

राजधानी दिल्ली से सटे नोएडा में कोरोना वायरस का एक और मामला सामने आया है। नोएडा का यह अबतक का चौथा मामला है। इसके साथ देश में कुल मामलों की संख्या 149 हो गई है। बुधवार को इस चौथे शख्स की रिपोर्ट पॉजेटिव आई है। यह इंडोनेशिया गया हुआ था। वहां से चार दिन पहले लौटा था।

पत्नी की रिपोर्ट आना बाकी
इस केस में पति और पत्नी इंडोनेशिया घूमने गए थे। चार दिन पहले दोनों लौटे हैं। पति में लक्षण दिखे थे, इसके बाद जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। उसे गवर्नमेंट इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (जिम्स ) ग्रेटर नोएडा में भर्ती कराया गया। पत्नी की जांच रिपोर्ट आनी बाकी है। इस केस को मिलाकर अब तक कुल चार मामले हो चुके हैं नोएडा में। नोएडा में करीब 200 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं।

दो सोसायटीज से मामले आए थे सामने
इससे पहले मंगलवार को कोरोना के दो संक्रमित केस सामने आए थे। दोनों दो अलग-अलग सोसायटीज में रह रहे थे। मामले सामने आने के बाद एक किलोमीटर के एरिया में मौजूद 10 हजार लोगों की जांच के आदेश दिए गए थे। ये दो मरीज सेक्टर 100 की लोटस बुलेवर्ड स्पेशिया और सेक्टर 78 की हाइड पार्क सोसायटी में मिले थे। लोटस स्पेशिया में रहने वाली युवती कुछ दिन पहले फ्रांस से लौटी थी। हाइड पार्क में रहने वाला युवक फेज 2 की एक निजी कंपनी में काम करता है। यह वही कंपनी है, जिसमें एक व्यक्ति में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है। इसके बाद कंपनी को 14 दिन के लिए बंद कर दिया गया था।