मंडी जिला की सीमाएं सील, बिना पास नो एंट्री

By: Mar 31st, 2020 12:05 am

मंडी  – पुलिस अधीक्षक गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि एक जिला से दूसरे जिला में लोगों का आवागमन रोकने के लिए मंडी जिला की सीमाएं पूरी तरह से सील कर दी गई हैं। वैध पास के बिना किसी को भी जिला में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैर कानूनी तरीके से सीमा में प्रवेश करता है तो उसे क्वांरटाइन केंद्र में रखा जाएगा और 14 दिन पूरे होने के बाद ही जाने दिया जाएगा। उन्होंने जिला में मौजूद बाहरी राज्यों के मजदूरों से अपील की कि वे जहां हैं, वहीं रहें। गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि लेबर ठेकेदारों से भी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करने को कहा। उन्होंने कहा कि ठेकेदार अपनी लेबर के राशन व रहने की जरूरतों का ख्याल रखें। कोई परेशानी हो तो उसे प्रशासन के ध्यान में लाएं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि मंडी जिला में कर्फ्यू की अवहेलना पर अब तक 47 केस दर्ज किए गए हैं। इनमें से 12 केस होम क्वारंटाइन के उल्लंघन के चलते दर्ज किए गए हैं। इनमें 6 महीने से दो साल तक की सजा का प्रावधान है। वहीं इस दौरान 25 गाडि़यां जब्त की गई हैं। नौ लोगों की निवारक गिरफ्तारी की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App