महाराष्ट्र में अब कोरोना के 300 से अधिक केस, एक दिन में मिले 72 पॉजिटिव मरीज

By: Mar 31st, 2020 8:53 pm

सांकेतिक तस्वीरमुंबई – महाराष्ट्र में कोरोना के पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा तीन सौ से अधिक हो गया है। सोमवार को महाराष्ट्र में एक साथ कोरोना के 72 पॉजिटिव केस मिले हैं। इन सभी मरीजों को तत्काल आइसोलेशन वॉर्ड में रखकर इनका इलाज शुरू कराया गया है। राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, सोमवार को सामने आए मामलों में 59 केस मुंबई शहर से मिले हैं। राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को मुंबई में कोरोना के 59 पॉजिटिव मरीज मिले हैं जिन्हें आइसोलेशन में रखा गया है। इसके अलावा अहमदनगर में 3 केस पॉजिटिव मिले हैं। साथ-साथ पुणे, ठाणे, कल्याण, नवी मुंबई और वाशी में दो-दो मरीज पॉजिटिव मिले हैं और सभी का इलाज किया जा रहा है।

मुंबई में कोरोना के लिए दो विशेष अस्पताल

जानकारों का कहना है कि मुंबई में मरीजों की संख्या बढ़ने की एक वजह यह भी है कि यहां के 11 लैब्स में कोरोना के मरीजों की लगातार चेकिंग हो रही है। इसके अलावा मुंबई के आसपास के जिलों से भी कोरोना के तमाम संदिग्ध मरीज दो डेडिकेटेड अस्पतालों में भेजे जा रहे हैं। मुंबई में कोरोना के लिए दो डेडिकेटेड अस्पताल बने हैं जिनमें कस्तूरबा गांधी अस्पताल और सेवेन हिल्स अस्पताल शामिल है। इन अस्पतालों में भर्ती 39 मरीजों को अब तक इलाज के बाद घर भेजा जा चुका है।
भर्ती कराए गए पांच मरीजों की हालत गंभीर
महाराष्ट्र में कोरोना से संक्रमण के बाद इलाज करा रहे 230 मरीजों में से 5 की हालत गंभीर है और इन सभी को लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया है। इसके अलावा 225 मरीजों में से कई मरीजों की हालत तेजी से सुधर भी रही है।
देश में महाराष्ट्र सर्वाधिक प्रभावित राज्य
महाराष्ट्र देश में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित हुआ है और प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 302 मरीज मिल चुके हैं। महाराष्ट्र में कोरोना का सबसे अधिक असर दिख रहा है। प्रदेश में कोरोना से प्रभावित मरीजों की एक बड़ी संख्या का अब भी इलाज किया जा रहा है।
मुंबई में क्लस्टर्स उभरने का शक
अधिकारियों की मानें तो मुंबई में कई क्लस्टर्स उभर चुके हैं। एक रिटायर्ड यूरोलॉजिस्ट की मौत हो गई और उनका संक्रमित बेटा कई लोगों के संपर्क में आया। वहां, एक मरीज के कोविड-19 पीड़ित होने के बाद कुछ डॉक्टरों और अन्य हॉस्पिटल स्टाफ को क्वारेंटाइन में रखा गया है। यहां की कई मलिन बस्तियों में भी कई क्लस्टर्स उभरे हैं जहां सोशल डिस्टैंसिंग संभव नहीं हो पा रहा है।
कोरोना से निपटने को बना बड़ा प्लान
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से लेकर केरल से कासरगोड़ तक, देश में कोरोना संक्रमण के कई हॉटस्पॉट बन रहे हैं जहां मरीजों की संख्या में शेष भारत से ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि केंद्र सरकार अब कोरोना के देश में 10 हॉटस्पॉट्स पर विशेष ध्यान देने जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App