विदेशी मुद्रा भंडार 2.90 करोड़ डालर बढ़ा

By: Mar 2nd, 2020 12:08 am

आरबीआई से जारी आंकड़ों में लगातार 22वें सप्ताह दर्ज की बढ़ोतरी

मुंबई –स्वर्ण भंडार में बड़ी वृद्धि के कारण देश का विदेशी मुद्रा भंडार लगातार 22वें सप्ताह बढ़ता हुआ 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में 476.12 अरब डालर के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में देश के विदेशी मुद्रा के भंडार में 2.90 करोड़ डालर की वृद्धि हुई और यह 476.12 अरब डालर पर पहुंच गया, जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। इससे पहले 14 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 3.09 अरब डालर बढ़कर 476.09 अरब डालर पर पहुंच गया था। केंद्रीय बैंक के अनुसार, 21 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार के सबसे बड़े घटक विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति में 49 करोड़ डालर की गिरावट रही और यह 441.46 अरब डालर रह गया। सप्ताह के दौरान आरबीआई ने सोने की खरीद की जिससे स्वर्ण भंडार 53.9 करोड़ डालर बढ़कर 29.66 अरब डालर हो गया और इसके दम पर ही कुल विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई। आलोच्य सप्ताह में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के पास आरक्षित निधि 1.50 करोड़ डालर घटकर 3.58 अरब डालर पर और विशेष आहरण अधिकार 40 लाख डालर की गिरावट के साथ 1.43 अरब डालर रह गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App