अप्रैल में पांगी ने ओढ़ी सफेद चादर

By: Apr 3rd, 2020 12:06 am

किलाड़ में दो इंच तक ताजा बर्फबारी; शीतलहर से फिर घरों में दुबके लोग

पांगी – कबायली क्षेत्र पांगी ने गुरुवार को एक बार फिर से बर्फ  की सफेद चादर ओढ़ ली। गुरुवार को पांगी घाटी मुख्यालय किलाड में दो ईंच के करीब ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई है। बर्फबारी के चलते पांगी घाटी में ठंड का प्रकोप बढ़ने से लोग एक बार फिर से घरों में कैद होकर रह गए हैं। समाचार लिखे जाने तक पांगी में रुक-रुक कर बर्फबारी का दौर जारी था। गुरुवार को पांगी घाटी में गुरुवार सवेरे मौसम ने एक बार फिर से करवट बदल ली। इसी बीच तेज हवाओं के बीच बर्फबारी का दौर आरंभ हो गया। देखते ही देखते पूरी पांगी घाटी दोबारा से बर्फ की सफेद चादर से ढक गई। हालांकि बर्फबारी के बीच बिजली व यातायात व्यवस्था सुचारू रहना लोगों के लिए राहत की बात है। पांगी घाटी में अप्रैल माह में बर्फबारी ने लोगों को हैरानी में डालकर रख दिया है। पांगीवासियों का कहना है कि बर्फबारी के कारण पूर्व में बिगडे हालातों के चलते अभी जिंदगी पूरी तरह पटरी पर नहीं लौट पाई है। ऐसे में दोबारा से बर्फबारी होने से मुश्किलें बढकर रह गई है। उन्होंने बताया कि ताजा बर्फबारी से पांगी घाटी फिर से ठंड की चपेट में आ गई है। उधर, पीडब्ल्यूडी मंडल पांगी के एक्सईएन जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि गुरुवार को पांगी मुख्यालय में एक से दो ईंच ताजा बर्फबारी हुई है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी के बावजूद पांगी के तमाम संपर्क मार्गों पर यातायात को बहाल रखकर लोगों की आवाजाही को सामान्य रखा गया है। बहरहाल, पांगी घाटी मुख्यालय किलाड़ में दो ईंच के करीब, जबकि ऊपरी पहाडि़यों पर चार से पांच ईंच ताजा बर्फ  गिरी है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App