अमरीका में कोरोना से तबाही एक दिन में 1480 मौतें

By: Apr 5th, 2020 12:07 am

वायरस के कारण संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख के करीब पहुंचा

वाशिंगटन-कोरोना वायरस के कारण पूरी दुनिया में हाहाकार मचा हुआ है। दुनिया के कई देश कोरोना वायरस की चपेट में है। वहीं अब कोरोना वायरस के सबसे ज्यादा संक्रमित मरीज अमरीका में हैं। इस बीच अमरीका में कोरोना वायरस के कारण 24 घंटे में 1400 से ज्यादा मौतें दर्ज की गई हैं। उधर, कोरोना वायरस से दुनिया में अब तक 60147 लोगों की मौत हो चुकी है। 1130591 संक्रमित हैं। इसी दौरान दो लाख 35 हजार 891 मरीज स्वस्थ भी हुए। स्पेन में 24 घंटे में संक्रमण के सात हजार नए मामले सामने आए हैं और 809 लोगों की मौत हुई है। यहां संक्रमितों की संख्या एक लाख 24 हजार से ज्यादा हो गई है। यह आंकड़ा इटली (1,19,827) से ज्यादा हो चुका है। स्पेन में अब तक कुल 11744 लोगों की जान जा चुकी है। चीन के वुहान से फैला कोरोना वायरस अब अमरीका में तबाही मचा रहा है। अमरीका में कोरोना वायरस के कारण संक्रमित लोगों का आंकड़ा तीन लाख के करीब पहुंच रहा है। यह आंकड़ा विश्व में अब तक सबसे ज्यादा है। वहीं कोरोना वायरस के कारण दुनिया में 24 घंटे में हुई सबसे ज्यादा मौतें अमरीका में दर्ज की गई हैं। जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी ट्रैकर के मुताबिक अमरीका में 24 घंटे में कोरोना वायरस के कारण रिकार्ड 1480 मौतें दर्ज की गई हैं। महामारी की शुरुआत के बाद से दुनिया में कोरोना वायरस के कारण 24 घंटे में हुईं ये अब तक की सबसे ज्यादा मौतें हैं। अमरीका में कोरोना वायरस के कारण अब तक 2.70 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। वहीं अमरीका में कोरोना वायरस के कारण मौत का आंकड़ा 7406 पहुंच गया है। दूसरी तरफ अमरीका में करीब 12 हजार लोगों का इलाज भी हो चुका है। गुरुवार आधी रात से शुक्रवार आधी रात तक न्यूयार्क में 562 लोगों की मौत हुई। यानी हर अढ़ाई मिनट में एक व्यक्ति की जान गई है। यह एक दिन में मरने वालों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अफ्रीका में भी कोरोना वायरस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। यहां अब तक 284 लोगों की मौत हो गई है और करीब 7028 लोग संक्रमित हैं। इटली में 24 घंटे में 766 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मौतों का आंकड़ा 14 हजार 681 तक पहुंच गया है। एक दिन पहले यहां 760 लोगों की जान गई थी। वर्ल्ेमीटर के मुताबिक, इटली में इस महीने की शुरुआत से संक्रमण के आंकड़ों में कमी आई है। यहां पहली अप्रैल को चार हजार 782, दो अप्रैल को चार हजार 668 और तीन अप्रैल को चार हजार 585 केस सामने आए थे। दक्षिण अमरीकी देश ब्राजील में पिछले 24 घंटों के दौरान 1,146 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,056 हो गई है। उधर, प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा कि महामारी के दौरान लोगों की आवाजाही और परिवहन पर प्रतिबंधों के बीच जरूरी चीजों की आपूर्ति पर जोर दिया जाएगा। देश में शुक्रवार तक दो हजार 686 लोग संक्त्रमित हो चुके थे। यहां 40 लोगों की मौत हो चुकी थी। सबसे ज्यादा मामले पंजाब प्रांत (1,069) में सामने आए हैं।

फ्रांस में 600 जवान पॉजिटिव

मुश्किलों से जूझ रहे फ्रांस के लिए शनिवार को एक और परेशानी वाली खबर आई। डिफेंस मिनिस्टर फ्लोरेंस पार्ली के मुताबिक, 600 सैनिक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। फ्लोरेंस ने कहा कि हमारे लिए यह खबर ज्यादा बड़े खतरे का संकेत है। हमारे 600 सैनिक संक्रमित पाए गए हैं। हम इस घटनाक्रम पर पैनी नजर रख रहे हैं। शुक्रवार को ही खबर आई थी की सेनेगल-सूडान बॉर्डर पर तैनात चार सैनिक संक्रमित हैं। इन्हें इलाज के लिए पेरिस लाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App