आठ को महंगा पड़ा कर्फ्यू में घूमना

सरकाघाट में सरकारी आदेशों की अवहेलना करने पर पुलिस ने सिखाया सबक

सरकाघाट-लॉकडाउन का उल्लंघन किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा और कर्फ्यू में दी गई ढील के समय लोग अनावश्यक रूप से अपने घरों से न निकलें। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि लॉकडाउन  शुरू होने के बाद आठ लोगों के खिलाफ कर्फ्यू उल्लंघन के मामले दर्ज किए गए हैं और अब लोग लॉकडाउन  के महत्त्व को समझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकाघाट उपमंडल में कानून व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक है और उन्होंने समाज के हर वर्ग का सहयोग मांगा है। डीएसपी ने बताया कि लॉकडाउन के कारण सरकार द्वारा शराब की बिक्री पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है और उल्लंघन करने वालों को कानूनासार दंडित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि वह उपमंडल सरकाघाट और धर्मपुर की 90 ग्राम पंचायतों का दौरा कर चुके हैं और सोशल डिस्टेंस्टिंग के महत्त्व की जानकारी दी है। दोनों उपमंडलों के विशेष स्थानों पर 24 घंटे के नाके लगाए गए हैं और अंतरजिला से किसी को भी नहीं आने दिया जा रहा है। डीएसपी चंद्रपाल सिंह ने लोगों से अपील की कि वर्तमान स्थान को न छोड़ें और अपने घरों में ही रहें। इस दौरान थाना प्रभारी राजकुमार भी उपस्थित थे।