कर्फ्यू में छूट… कर लो फसलों की कटाई

By: Apr 10th, 2020 12:20 am

किसानों की परेशानी पर डीएम ने जारी की अधिसूचना, नियमों का पालन करके करना होगा काम

नालागढ़-किसानों को फसल कटाई में और खेती कार्य करने में परेशानी न हो, इसके लिए अब किसानों व खेतों में काम करने वाले मजदूरों को कर्फ्यू में ढील दी गई है। इसके अलावा अन्य अनावश्यक घूमने वालों के खिलाफ मामला दर्ज होगा। यह छूट सिर्फ किसानों व खेतों में काम करने वाले लोगों सहित कृषि संबंधित कार्यों के लिए ही रहेगी। इस संबंध में डीएम सोलन द्वारा अधिसूचना जारी करते हुए आदेश जारी कर दिए है। किसानों की खेतों में फसल कटाई के लिए तैयार है, लेकिन कर्फ्यू और जिला सोलन में धारा-144 सहित क्षेत्र की कई पंचायतों में लगे पूर्ण सीलबंद के कारण किसान व खेती कार्य करने वाले मजदूर यहां वहां नहीं आ-जा पा रहे थे, जिससे किसान अपने फसलों की कटाई नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन अब किसानों व खेती कार्य करने वाले मजदूरों को जिला प्रशासन ने राहत दी है। जानकारी के अनुसार किसान और खेती कार्य करने वाले मजदूर अब सुगमता से खेतों में फसल की कटाई का काम कर सकेंगे, लेकिन सामाजिक दूरी सहित सरकार व प्रशासन के आदेशों की अनुपालना को सुनिश्चित बनाना लाजिमी होगा। इसके लिए सोशल डिस्टेंसिंग को अपनाना पड़ेगा, वहीं हाथों को बारंबार धोने सहित अन्य सभी एहतियातन कदम बरतने होंगे। बता दें कि नालागढ़ उपमंडल में 9000 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की फसल लगाई हुई है और क्षेत्र के कई किसानों की आजीविका इसी पर निर्भर करती है। लेकिन किसानों को अपनी फसल कटाई की चिंता सता रही थी, क्योंकि खेतों में काम करने वाले मजदूर अपने घरों को चले गए थे और होली के बाद वापस आते थे, लेकिन इस बार कोरोना को लेकर देशभर में लॉकडाउन व प्रदेश में लगे कर्फ्यू के कारण वे आवागमन नहीं कर पाए है। ऐसे में क्षेत्र में रहने वाले मजदूरों को अब खेतों में फसल कटाई के लिए सशर्त छूट दी गई है। क्षेत्र के किसान प्रेम चौधरी, योगेश शर्मा, रविंद्र ठाकुर आदि ने कहा कि डीएम के इस फैसले से निश्चित तौर पर किसानों को राहत मिलेगी। एसडीएम नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है, लेकिन इस दौरान सरकार व प्रशासन द्वारा दी गई हिदायतों व अनुशासन का पालन सुनिश्चित बनाना होगा। इसके अलावा अनावश्यक रूप से घूमने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन पर मामले भी दर्ज किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App