गोली के छर्रे से महिला जख्मी

By: Apr 10th, 2020 12:20 am

पड़ोसी ने खेतों में घुसे बंदरों को भगाने के लिए चलाई थी गोली

जोगिंद्रनगर-जोगिंद्रनगर उपमंडल की निकटवर्ती पंचायत ढेलू हार के ढेलू गांव में गोली के छर्रे लगने से महिला के घायल होने की घटना सामने आई है। जोगिंद्रनगर पुलिस ने धारा 336, 337 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह जब साठ वर्षीय महिला अपने आंगन में बरतन धो रही थी, तभी अचानक इसके पड़ोसी बंदूक लेकर अपनी जमीन में आए बंदरों को भगाने के लिए खेतों में आ गया। उसने बिना इधर-उधर देखे लापरवाही से बंदरों पर गोली चला दी, जिसके चलते साठ वर्षीय महिला को गोली के दो छर्रे एक सिर पर और दूसरा पेट में लगने से वह घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सिविल अस्पताल जोगिंद्रनगर में भर्ती करवाया गया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोग सहमे हुए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने की है।   

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App