जनता से जुड़कर सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना भाजपा

By: Apr 7th, 2020 12:02 am

पठानकोट – प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भाजपा के 40वें स्थापना दिवस कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की जनता का विश्वास भारतीय जनता पार्टी पर है। विश्वव्यापी कोरोना महामारी के चलते देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा द्वारा सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा का स्थापना दिवस अपने-अपने घरों में रहकर भाजपा के नए ध्वज लगाकर, भाजपा के संस्थापक नेताओं प. दीनदयाल उपाध्याय, डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्प अर्पित कर मनाने के लिए आह्वान किया गया था। इसके चलते प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भी प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं की तरह अपने घर में ही भाजपा ध्वज व संस्थापक नेताओं को पुष्प अर्पित कर स्थापना दिवस मनाया। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना छह अप्रैल, 1980 में हुई थी। अश्वनी शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि आज भाजपा 20 करोड़ से जयादा सदस्यों वाला विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बन चुका है। आज सारे विश्व की तरह भारत भी कोरोना वायरस की महामारी से लड़ रहा है। हम बहुत खुश किस्मत हैं कि हमें पीएम मोदी जैसा प्रधान सेवक मिला है, जो देश व जनता के हित में बहुत ही सटीक व अहम फैसले लेने में सक्षम है। आज भाजपा भारत की गौरवशाली संस्कृति के अनुरूप देश के पुनर्निर्माण और गरीब कल्याण की कल्पना को साकार कर रही है और इस कार्य में देश की जनता भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App