जनधन खातों में डली 500 की पहली किस्त

शिमला – केंद्र सरकार ने निर्णय लिया है कि बैंकों में जनधन खाते खोलने वाली महिलाओं के खाते में 1500 रुपए डाले जाएंगे। यह राशि गुरुवार से आनी शुरू हो गई है। हिमाचल में भी इसका लाभ मिलने जा रहा है। यूको बैंक की ओर से बताया गया है कि पहली किस्त 500 रुपए गुरुवार को महिलाओं के खाते में डाल दिए गए हैं। ऐसी दो किस्तें और आएंगी। राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के उप मुख्य प्रबंधक एवं संयोजक जेएन कश्यप ने बताया कि भारत सरकार की घोषणा के अनुरूप हिमाचल में भी जनधन खाता धारक महिलाओं के खातों में पैसे डालने का काम शुरू हो चुका है। कुछ खास खाताधारक महिलाओं, जिनके खाते के विशेष अंक हैं, उनको यह राशि मिलेगी। इसमें जिनके खातों के अंतिम अंक 0 या 1 है, को यह राशि तीन अप्रैल को निकाल सकती हैं। वहीं 2 या 3 अंक वाले चार अप्रैल को, 4 या 5 अंक वाले सात को, 6 या 7 अंक वाले आठ को, 8 या 9 जिनके खाते में आखिरी अंक हैं नौ अप्रैल को अपने खाते से 500 रुपए की राशि निकाल सकती हैं। नौ अप्रैल के बाद लाभार्थी किसी भी तारीख को समान्य बैंकिंग अवधि के दौरान शाखा में इस संबंध में संपर्क कर सकते हैं।