दुनिया को कोरोना देने वाला वुहान 76 दिन के बाद खुला,पहले ही दिन कई लोगों ने छोड़ा शहर

By: Apr 9th, 2020 12:09 am

 कोरोना वायरस का पहला मामला हुबेई प्रांत में आया था सामने, वुहान एपिसेंटर बना

 शहर की एक करोड़ 10 लाख की आबादी

पिछली 23 जनवरी से घरों में थी बंद

वुहान-दुनिया में कोरोना वायरस के एपिसेंटर रहे चीन के वुहान में बुधवार को कुछ शर्तों के साथ 76 दिन बाद लॉकडाउन हटा लिया गया। इस नई सुबह का पूरे शहर ने बड़ी गर्मजोशी से स्वागत किया। शहर की इमारतों को लाइटिंग से सजाया गया। कुछ इमारतों पर देर रात 12 बजे से पहले लॉकडाउन खत्म होने की उल्टी गिनती शुरू की गई। हालांकि इतनी बड़ी महामारी देख चुके हजारों लोगों ने सबसे पहला काम वुहान को छोड़ने का किया। यात्रा प्रतिबंध हटने के बाद हजारों की संख्या में लोग सड़क, हवाई और रेल मार्ग से वुहान से बाहर जाते देखे गए। चीन की नेशनल रेल सर्विस ने बताया कि उन्हें उम्मीद थी कि 55 हजार लोग बुधवार को वुहान से निकलेंगे। बताया जा रहा है कि शहर के अंदर अब भी कोरोना को रोकने के लिए बेहद सख्त पाबंदियां लगी हुई हैं। अधिकारी अब भी लोगों से कह रहे हैं कि अगर बहुत जरूरी हों, तभी घरों से निकलें। हालांकि, कंपनियां अपने कर्मचारियों को काम पर बुला रही हैं। वुहान से लॉकडाउन हटते ही हजारों की तादाद में लोग अपनी कार और वाहनों से शहर से बाहर जाते देखे गए। लॉकडाउन हटने के बाद बड़ी तादाद में लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे। इस दौरान यात्री कोरोना से बचाव के लिए अभी भी एहतियाती कदम उठाते देखे गए। कई लोग हैजमैट सूट पहने नजर आए। लॉकडाउन हटने के बाद वुहान में हवाई सेवा भी शुरू हुई। बुधवार सुबह चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस की फ्लाइट ने पहली उड़ान भरी। पायलट ने खुशी में लोगों को गुडबाय कहा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App