दो की मौत, 21 नए पॉजिटिव केस

By: Apr 10th, 2020 12:05 am

पीजीआई में रोपड़ के व्यक्ति ने तोड़ा दम, जालंधर में 59 वर्षीय संक्रमित की मौत

चंडीगढ़-पंजाब में कोरोना संक्रमण से 24 घंटे में दो लोगों की मौत हो गई व 21 नए पॉजिटिव केस भी सामने आए। पहली मौत बुधवार देर रात पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती रोपड़ के व्यक्ति की हुई। इन्हें डायबिटीज की शिकायत थी। वहीं दूसरी मौत गुरुवार जालंधर में हुई। यहां सिविल हॉस्पिटल में 59 साल के संक्रमित ने दम तोड़ा। वह बीते दो दिन से वेंटीलेटर पर थे। इसे मिलाकर राज्य में संक्रमण से मौत का आंकड़ा दस तक पहुंच गया है। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 120 है। कोरोना की चेन को तोड़ने के लिए पंजाब में 18 दिन से कर्फ्यू लगा है। इस बीच, चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित हॉस्पिटल को सैनिटाइज किया गया, ताकि वहां आ रहे मरीजों से दूसरों में संक्रमण न फैले। पंजाब में पहले नवांशहर कोरोना का एपिसेंटर था, वहीं अब यह मोहाली जिला में विस्थापित हो गया है। यहां अब कोरोना के 37 मरीज हैं, इनमें से 15 लोग तो अकेले जवाहरपुर गांव में हैं। गुरुवार को ट्राईसिटी के पंचकूला के दो केस सामने आए हैं। दोनों जमाती हैं और दोनों को नाडा साहिब के क्वारंटाइन सेंटर में रखा गया था। एक की उम्र 18 साल है, तो दूसरे 80 साल का है। वहीं, एक केस मोहाली के जवाहरपुर में मिला है।  कर्फ्यू का उल्लंघन करने वालों वालों पर राज्य में सख्ती बरती जा रही है। इनके लिए राज्य के विभिन्न इलाकों में 21 अस्थायी जेल बनाई गई हैं। इसी बीच मोहाली में अब तक 391 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी तरह पठानकोट के सुजानपुर में महिला की मौत के बाद परिवार के छह सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद चौकसी बढ़ा दी गई है। यहां जिला पुलिस ने ऐसे 168 लोगों के खिलाफ 113 मुकदमे दर्ज किए गए। 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App