पंजाब में मरीजों की संख्या हुई 65

चंडीगढ़-वैश्विक महामारी ने लोगों व प्रशासन की परेशानियां बढ़ाई हुई हैं। पंजाब में इसका संकट दिन-प्रतिदिन अपनी रफ्तार बढ़ा रहा है। दरअसल वायरस के पॉजिटिव पाए गए मरीजों की संख्या में शनिवार को इजाफा हुआ और यह संख्या 65 हो गई। पंजाब में अभी तक पांच व्यक्तियों की मौत हो चुकी है। जानकारी के अनुसार पंजाब में 1824 मरीजों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 1520 मरीजों की टेस्ट रिपोर्ट नेगटिव पाई गई है और 239 लोगों की टेस्ट रिपोर्ट का अभी इंतजार किया जा रहा है। शहीद भगत सिंह नगर में वायरस पॉजिटिव पाए गए मरीजों की संख्या 19, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 14, जालंधर में छह, अमृतसर में आठ, लुधियाना में चार, पटियाला में एक, मानसा में तीन, पटियाला में एक, रोपड़ में एक, फरीदकोट में एक, पठानकोट में एक व होशियारपुर में सात हो गई है। मानसा और मोहाली में पॉजिटिव आए  क्रमशः तीन और दो नए मामले जमातियों के हैं, जो दिल्ली की निजामुद्दीन मस्जिद में मरकज कार्यक्रम में भाग लेने गए थे। शुक्रवार को तीन पॉजिटिव मामले अमृतसर में पाए गए। इनमें दो गुरुवार को दम तोड़ने वाले हरमंदिर साहिब के पूर्व हजूरी रागी पद्मश्री निर्मल सिंह के संपर्क में थे।