प्रताड़ना से तंग पत्नी ने दी जान

By: Apr 3rd, 2020 12:01 am

मंडी – मंडी के पंडोह में एक महिला ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली। दहेज प्रताड़ना पर अब महिला के पति को मंडी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला का शव ससुराल में घर से थोड़ी दूर जंगल में पेड़ से लटका हुआ मिला है। इस संबंध में थाना सदर में पुलिस ने आईपीसी की धारा 498 व 306 में मृतका के भाई धनी राम पुत्र झोर सिंह गांव धनौट डाकघर सोम नाचनी तहसील बालीचौकी जिला मंडी के बयान पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। मृतका अपने पीछे अपने दो छोटे बेटे छोड़ गई है। जानकारी के अनुसार मृतका के भाई धनी राम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी बहन ने केशव राम पुत्र लाल सिंह निवासी गांव स्पैची डाकघर पंडोह तहसील सदर जिला मंडी के साथ प्रेम विवाह किया था। करीब दो साल तक इनके रिश्ते ठीक रहे, परंतु इसके बाद इसके पति ने उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। वह अकसर उसकी बहन के साथ इसका पति मारपीट करता था। हाल ही में उससे मारपीट की गई थी। धनी राम ने बताया कि करीब 20 दिन पहले उसकी बहन ने उन्हें फ ोन कर बताया था कि उसका पति तलाक देने की बात कर रहा है। अब बुधवार शाम को उन्हें पता चला कि उसकी बहन ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है। सदर थाना के प्रभारी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला के भाई की शिकायत पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिए गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App