बंदरोल गोसदन को सौंपे 50 हजार

By: Apr 9th, 2020 12:22 am

वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बेसहारा पशुओं के संरक्षण-संवर्द्धन को की मदद

मनाली-वन, परिवहन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने बुधवार को मनाली और इसके आसपास के क्षेत्रों में लॉकडाउन एवं कर्फ्यू की स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने बंदरोल के गो सदन के लिए अपने परमपूज्य माता-पिता के नाम से चल रहे ठाकुर कुंज लाल दामोदरी ठाकुर मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से 50 हजार रुपए का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि वह निराश्रित व बेसहारा गोवंश के संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिए प्रतिबद्ध है और क्षेत्र में इन पशुओं के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। वन मंत्री ने लॉकडाउन में फंसे कोलकाता और पंजाब के पर्यटकों का हालचाल भी पूछा। उन्होंने बताया कि अलेउ के निशिता रिजॉर्ट में रह रहे 25 पर्यटकों को 27 मार्च को खाद्य सामग्री प्रदान की थी। बुधवार को एक बार पुनः इनसे मुलाकात की तथा खाद्य सामग्री सहित मास्क एवं सेनेटाइजर प्रदान किए। देश में जब तक लॉक डाउन समाप्त नहीं होता है, तब तक इन्होंने यहीं रहने का आश्वासन दिया है। बुरुआ गांव के अनोख राम महंत ने 25 हजार तथा सोलंगनाला से चमन लाल ने 21 हजार रुपए का चेक ठाकुर कुंज लाल दामोदरी ठाकुर मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट को भेंट कर इस विकट स्थिति में मानवता की मिसाल पेश की है। वन मंत्री ने इसके लिए दानी सज्जनों का आभार प्रकट किया। गोविंद सिंह ने आम लोगों से इस संकट की घड़ी में मुख्यमंत्री राहत कोष तथा पीएम  केयर में बढ़-चढ़कर दान करने का आह्वान किया। इस अवसर पर एटीवी एसोसिएशन सोलंगनाला के प्रधान देवी चंद, उपप्रधान अमर चंद ,सचिव हेम राज, कोषाध्यक्ष लाल चंद, सह सचिव अनोख राम ने वन मंत्री को एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष कोविड-19 में एक लाख रुपए का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि देश की इस लड़ाई में मुख्यमंत्री राहत कोष में दान कर अपना कर्त्तव्य निभा रहे लोगों का मैं जयराम सरकार की ओर से धन्यवाद करता हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App