मंडी पहुंचे 17 जमाती क्वारंटाइन

दिल्ली गए लोगों ने छिपाई पहचान, धर्मपुर में मिले बाहरी राज्यों के 13 लोग

मंडी-दिल्ली में तबलीगी जमात में शामिल होकर मंडी जिला में भी 17 लोग आए हैं। इनमें से चार लोग मंडी जिला के ही हैं, जबकि 13 लोग अन्य राज्यों से हैं। ये 13 लोग पिछले फरवरी महीने से मंडी जिला के धर्मपुर में अपने धर्म के प्रचार के लिए डेरा डाले हुए हैं। वहीं, तबलीगी जमात में करसोग से भी एक शख्स शामिल रहा है। उसे दिल्ली में ही प्रशासन ने अपनी निगरानी में रखा है। वहीं, मंडी जिला के सात और लोगों के भी जमात में फरवरी महीने में शामिल होने की बात सामने आई है। हालांकि ये लोग फरवरी से ही मंडी जिला से बाहर हैं। वहीं, मंडी जिला के चार लोगों, जो कि कनेड़, मंडी शहर, और नंगवाई के हैं, को उनके घरों में क्वारंटाइन कर दिया गया है। हालांकि ये चारों लोग सात मार्च को एक साथ दिल्ल्ली गए थे और जमात में शामिल होने के बाद 10 मार्च को मंडी लौट आए थे, लेकिन इसके बाद इन लोगों ने स्वास्थ्य विभाग व अधिकारियों से इस बात की जानकारी छिपाए रखी। स्वास्थ्य विभाग ने उनके खिलाफ कार्रवाई की भी सिफारिश की है। प्रशासन ने अब इन सभी लोगों व उनके परिजनों की पूरी जांच कर सभी होम क्वारंटाइन कर दिया है। हालाकि यह सभी लोग पूरी तरह से स्वस्थ्य पाए गए हैं। इन लोगों को दिल्ली से आए हुए भी 21 दिन से अधिक का अरसा हो चुका है। वहीं, मंडी जिला के धर्मपुर में मुस्लिम समुदाय के 13 जमाती मिले हैं। ये सभी लोग धर्मपुर उपमंडल के भडियार गांव में बीती 26 फरवरी से रुके हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग अपने धर्म का प्रचार-प्रसार करते हैं और फरवरी में आए हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने इनके पास जाकर स्वास्थ्य की जांच करवाई है। इनमें से किसी में भी कोरोना वायरस के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। एहतियातन इन सभी को होम क्वारंटाइन कर दिया गया है। उधर, एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ये सभी लोग यूपी और बिहार के हैं और यहां 26 फरवरी को आ गए थे। इसके बाद से सभी यहीं पर ही हैं। वहीं, उपायुक्त मंडी ऋगदेव ठाकुर ने बताया कि पुलिस को इस बारे में निर्देश दिए गए थे कि इस बात का पता लगाया जाए कि कहीं मदरसे और मस्जिदों में लोग अभी भी ज्यादा संख्या में तो नहीं ठहरे हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल जिन 17 लोगों की पहचान की गई है। वे सभी पूरी तरह से ठीक हैं, लेकिन सभी को होम क्वारंटाइन में रखा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और बाहर से आने वालों की जानकारी दें।