मास्क के लिए हिमाचल का मॉडल अपनाएं सभी राज्य

शिमला-भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अन्य प्रदेशाध्यक्षों के साथ उनसे भी  लगभग अढ़ाई घंटे तक वार्ता की। उन्होंने इस दौरान प्रदेश में कोरोना से उत्पन्न स्थिति, सरकार, प्रशासन और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। 28 मार्च से सात अप्रैल तक भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए कार्यों की नड्डा ने सराहना की और विशेष तौर पर अन्य राज्यों को फेस कवर बनाने के लिए हिमाचल का मॉडल अपनाने की सलाह दी। नड्डा ने हिमाचल सरकार एवं प्रशासन के कार्य की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को बधाई दी। बिंदल ने कहा कि प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं की प्रेरणा से पीएम केयर फंड में 3593785 रुपए व सीएम कोविड फंड में 13464515 रुपए जमा करवाए जा चुके हैं। इसी प्रकार एक लाख 44 हजार 23 भोजन पैकेट व 42 हजार 488 मोदी राशन किट वितरित की जा चुकी है। दो लाख 35 हजार 922 फेस कवर बनाए जा चुके हैं। नड्डा ने कार्यकर्ताओं को कोरोना से लंबी लड़ाई के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। डा. बिंदल ने हिमाचल प्रदेश के लाखों कायकर्ताओं की ओर से उन्हें विश्वास दिलाया कि उनकी योजनाओं का अनुसरण होगा।

पीएम केयर से 40 लोगों को जोड़े हर भाजपा कायकर्ता

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे भोजन सामग्री वितरण, पीएम और सीएम रिलीफ फंड, फेस कवर निर्माण का कार्य करते रहेंगे व प्रत्येक व्यक्ति को आरोग्य ऐप डाउनलोड करवाएंगे। हर कार्यकर्ता द्वारा 40 लोगों को पीएम केयर से जोड़ना होगा। स्वास्थ्य कर्मी, पुलिस कर्मी सफाई कर्मी, प्रशासनिक अधिकारी, मीडिया, बैंक, पोस्ट आफिस कर्मियों के लिए थैंक्स गिविंग लैटर बनवाकर दस्तखत करवाकर भिजवाएं।