लॉकडाउन ने साफ की झील

By: Apr 10th, 2020 12:20 am

तीन धर्माें की स्थली रिवालसर में दिखने लगा सालों पुराना नजारा

रिवालसर-वर्षों से जो झील प्रदूषण का शिकार होने के कारण अपने अस्तित्व की जंग लड़ रही थी, लॉकडाउन के चलते इन 18 दिन में फिर से तरोताजा दिखाई दे रही है। झील का पानी आज से  35 साल पूर्व जैसा स्वच्छ व निर्मल दिखाई दे रहा है।  जी हां! हम बात कर रहे हैं विश्व प्रसिद्ध तीन धर्मों के आस्था की केंद्र रिवालसर झील की, जो मानवीय हस्तक्षेप के कारण  बुरी तरह से प्रभावित हुई है, लेकिन कोरोना लॉकडाउन के इन 18 दिन में मानवीय हस्तक्षेप से पूरी तरह मुक्त है। प्रदूषण की मात्रा काफी कम हो जाने से  पवित्र झील फिर से पुराने रूप में निखर के उभर आई है। झील एकदम शांत है तथा इसका रंग अब फिर से गहरा नीला दिखाई दे रहा है। मानो लॉकडाउन के दिन झील के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। चारों ओर शांत वातावरण के बीच चिडि़यों के चहकने की आवाज मन को एक बड़ा सुकून का अनुभव प्रदान करती है। झील में मछलियों की कलकलाहट व तैरती बतखें बहुत ही सुंदर नजारा प्रस्तुत करती दिखाई देती हैं। मानो हम किसी अलौकिक जगह में पहुंच गए हो। लॉकडाउन के चलते इस झील के बदले स्वरूप को देखकर एक  सुखद अनुभूति हो रही है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App