हवा इतनी साफ , जालंधर-होशियारपुर से दिखने लगे हिमाचल के बर्फीले पहाड़

By: Apr 4th, 2020 12:03 am

जालंधर – देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन चल रहा है। इन दिनों लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। गाडि़यां, स्कूटर और मोटरसाइकिल जैसे वाहन भी सड़कों से दूर हैं। बीते दिनों बरसात भी हुई। मौसम बदल गया है, इतना कि बुजुर्गों को अपना वक्त याद आ गया। जब वातावरण प्रदूषण से आजाद हुआ करता था। वातावरण के साफ होने की कुछ चौंका देने वाली तस्वीरें शुक्रवार को जालंधर से सामने आई हैं, जहां से हिमालय पर्वत की धौलाधार रेंज यानी हिमाचल प्रदेश के बर्फीले पहाड़ दिखने लगे हैं। इस फोटो को ट्वीट करते हुए एक यूजर ने लिखा कि हिमाचल प्रदेश की धौलाधार रेंज, जो अब जालंधर से नजर आने लगी हैं। लॉकडाउन की वजह से हवा साफ  हुई है। कभी नहीं सोचा था कि यह मुमकिन हो सकेगा। इसके बाद कई लोगों ने इस खास लम्हे की तस्वीरें शेयर कीं। उधर, होशियारपुर से भी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर डाली गईं, जहां से भी हिमाचल के पहाड़ दिखने का दावा किया जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App