हिमाचल आने वालों की बार्डर पर होगी स्क्रीनिंग, 176 में से 38 सैंपल की कोरोना जांच रिपोर्ट नेगेटिव

By: Apr 26th, 2020 7:29 pm

शिमला – प्रदेश वापिस लौट रहे हिमाचलियों की बॉर्डर पर स्वास्थ्य जांच के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है। यहां पर पूरी स्कैनिंग के बाद ही इनको अंदर एंट्री मिलेगी और 14 दिन तक इनको निगरानी में रखा जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कोरोना के अलावा अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से सम्बन्धित समस्याओं के निवारण हेतु व्हाट्सप्प नम्बर 01792227328 जारी किया गया है, जिस पर सम्पर्क साध कर कोई भी नागरिक स्वास्थ्य सेवाओं बारे अपनी परिवेदनाओं व स्वास्थ्य समस्याओं को नि:संकोच दर्ज कर सकता है। यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) आर.डी.धीमान ने बताया कि अब प्रदेश में दूसरे प्रदेशों में ठहरे हुए बहुत से लोग आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी प्रवेश द्वारों पर उनकी मौखिक एवं थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी, जिसके लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है। इसके साथ उनके बारे में सारी सूचना एकत्र करने के लिए एक हिमरेखा एप्लीकेशन का प्रयोग किया जाएगा। ये सभी लोग प्रदेश में आने के बाद 14 दिन की आवश्यक निगरानी में रखे जाएंगे। रविवार को प्रदेश भर में 176 लोगों के सैम्पल जांच हेतु लिए गए, जिसमें 38 सैम्पल की जांच रिपोर्ट नेगेटिव पाई गयी है। प्रदेश में इस समय तक 4819 लोगों की जांच की जा चुकी है जिसमें से 40 व्यक्तियों में इस संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। अभी तक प्रदेश में 22 लोग कोविड-19 बीमारी से ठीक भी हो चुके हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App