हिमाचल के तीन मरीज नेगेटिव, आज बड़ा दिन

By: Apr 10th, 2020 12:25 am

ऊना के जमातियों की आज भी रिपोर्ट ठीक निकली तो हो जाएगी छुट्टी, ऊना-चंबा के जांचे जाएंगे 68 सैंपल

शिमला-गुरुवार को हिमाचल का दिन राहत वाला रहा और जांचे गए 112 सैंपल्स की रिपोर्ट नेगेटिव रही। खास बात यह रही कि ऊना के अंब की नकड़ोह मस्जिद से मिले कोरोना के तीन मरीजों की रिपोर्ट भी नेगेटिव आई है। यदि शुक्रवार को भी उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आती है, तो उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी। गुरुवार का दिन  इसलिए भी बड़ा था, क्योंकि इस दिन अंब, इंदौरा और सोलन के उन लोगों के सैंपलों की जांच होनी थी, जो जमातियों के संपर्क में आए थे। इनकी रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद हिमाचल की बड़ी राहत मिली है। अब शुक्रवार को चंबा के 36 और ऊना के 32 लोगों के सैंपल जांचे जाएंगे। ये सैंपल भी नेगेटिव आते हैं तो हिमाचल में कोरोना का डर करीब-करीब खत्म हो जाएगा। प्रदेश में अब तक कुल 773 लोगों की जांच की जा चुकी है, जिनमें से 688 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव पाई जा चुकी है। अभी तक प्रदेश में 28 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। इनमें से दो लोग इलाज के उपरांत स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं, चार लोग इलाज के लिए प्रदेश के बाहर जा चुके हैं।  एक व्यक्ति का देहांत हो चुका है और शेष 21 लोगों का प्रदेश में इलाज चल रहा है। अभी तक प्रदेश में कुल 5035 लोगों को निगरानी में रखा गया है, जिनमें से 2556 लोगों ने 28 दिन की जरूरी निगरानी अवधि को पूरा कर लिया है एवं स्वस्थ हैं। प्रदेश के ऐसे इलाकों को चिन्हित करके पूर्णरूप से लॉकडाउन किया जा रहा है, जहां पर कोविड-19 पॉजिटिव  पाए गए हैं। इन चिन्हित इलाकों में से किसी को भी आवश्यक सेवाओं के अतिरिक्त आने-जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी आवश्यक सेवाओं वाले वाहनों को भी संक्रमण रहित किया जाएगा। सभी लोगों को फेस कवर लगाना भी अनिवार्य होगा एवं आवश्यक खाद्य सामग्री को भी घर-द्वार पर ही पहुंचाया जाएगा। सभी सार्वजनिक स्थानों को भी संक्रमण रहित किया जाएगा। इसी के साथ इन इलाकों में हर रोज एक्टिव केस फाइंडिंग कैंपेन भी चलाया जाएगा। इन इलाकों में फीवर क्लीनिक भी चलाया जाएगा। ऐसे सभी लोगों के नमूनों की जांच की जाएगी, जिनमें बुखार और खांसी के लक्षण हों। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) ने बताया कि चेरिटेबल अस्पताल भोटा जिला हमीरपुर, एसएस मेमोरियल आशीर्वाद अस्पताल चंबा, नागरिक अस्पताल सराहन, जिला सिरमौर एवं अग्रवाल अस्पताल ज्वालामुखी, जिला कांगड़ा को समर्पित सेकेंडरी केयर अस्पताल के रूप मे अधिसूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में चल रहें एक्टिव केस फाइंडिंग कैंपेन के तहत रिपोर्ट लिखने तक लगभग 59 लाख से अधिक लोगों की मौखिक जांच की जा चुकी है।

कोरोना अब तक

निगरानी में                    5035

कुल सैंपल                     773

कुल नेगेटिव                745

कुल पॉजिटिव             28

लंबित रिपोर्ट              –

ठीक हुए                   02

पॉजिटिव (माइग्रेटिड) 04

उपचाराधीन               21

कोरोना से मौत        01


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App