होम डिलीवरी सिस्टम मजबूत करें अफसर

By: Apr 2nd, 2020 12:08 am

शिमला-मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं होम डिलीवरी सिस्टम को मजबूत करें। कर्फ्यू के दौरान लोगों को आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएं, ताकि लोगों को घर से बाहर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को ये निर्देश राज्य के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना महामारी के कारण देश के साथ-साथ राज्य में उत्पन्न स्थिति के दृष्टिगत लगाए गए कर्फ्यू की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि  लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कर्फ्यू में ढील के दौरान उनको आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाई जाएं। होम डिलीवरी सिस्टम को मजबूत किया जाए, ताकि लोगों को आवश्यक वस्तुओं को लेने के लिए घरों से बाहर न जाना पड़े। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के दौरान कोई ढील न बरती जाए। मुख्यमंत्री ने सभी उपायुक्तों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि बैंक खुले रहें, ताकि लोगों को पैसे प्राप्त करने में कठिनाई का सामना न करना पड़े। बैंकरों को कर्फ्यू पास दिए जाएं, ताकि उनकी दिन-प्रतिदिन की गतिविधियों में कोई बाधा न आए और वे अपने बैंकिंग कार्य को कर्फ्यू में छूट के दौरान नियमित बैंकिंग घंटों के बाद भी जारी रख सकें। इससे बैंकों को अपने ग्राहकों को भुगतान करने में सुविधा होगी। एटीएम में पर्याप्त करंसी नोट उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि लोगों को असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिला प्रशासन से बैंकों और एटीएम में सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि बैंकिंग कोरेसपोंडेंटस को कर्फ्यू पास उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि वह लोगों को उनके घर पर विभिन्न बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध करवा सकें। जयराम ठाकुर ने उपायुक्तों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में अपने रेवड के साथ रह रहे घुमंतू गद्दी और गुर्जरों को भी आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने को कहा। उन लोगों पर विशेष सतर्कता रखने को कहा गया है, जो पिछले एक माह के दौरान नई दिल्ली के निजामुद्दीन में किसी समारोह में भाग लेकर आए हैं। मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची ने राज्य में आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत करवाया। पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी ने राज्य के बाहर किसी भी धार्मिक सभाओं में भाग लेने के बाद व्यक्तियों पर पुलिस कर्मियों को कड़ी निगरानी रखने के लिए कहा। अतिरिक्त मुख्य सचिव स्वास्थ्य आरडी धीमान ने कहा कि राज्य के सभी स्वास्थ्य संस्थान खुले हैं और चिकित्सा और पैरा मेडिकल स्टाफ को छुट्टी पर नहीं जाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस दौरान निजी अस्पतालों को भी खुले रहने को कहा गया है। प्रमुख सचिव परिवहन जेसी शर्मा ने आवश्यक वस्तुओं की ढुलाई करने वाले ट्रकों को सुचारू बनाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि इन वस्तुओं की आपूर्ति को सुचारू बनाए रखा जा सके।

हिमाचल में कोरोना के संदिग्धों का ब्यौरा

जिला      निगरानी   28 दिन की            वापस     होम

 में          निगरानी पूरी           लौटे       क्वारंटाइन

बिलासपुर 131        38         0          84

चंबा       107       24         1           159

हमीरपुर   286       87         6          187

कांगडा    1569      719       41         700

कुल्लू      255        74         0          177

किन्नौर    10         2           0          8

लाहुल     3           0          0          2

मंडी       352        116       0          217

शिमला    287        89         0          159

सिरमौर    182        60         1           118

सोलन     191       33         0          137

ऊना       377        127        1           233

कुल       3750      1369      50       2100


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App