ट्राइसिटी में कुंद हुआ कोरोना, सिर्फ एक केस, प्रशासन ने ली राहत की सांस, शहर में संक्रमित मरीजों की संख्या पहुंची 219

चंडीगढ़ – चंडीगढ़ शहर के सेक्टर-26 स्थित बापूधाम कॉलोनी में शुक्रवार को एक और पॉजिटिव केस रिपोर्ट किया गया। यहां 35 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। इसी के साथ शहर में अब कुल केस 219 हो गए हैं। 17 लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसी के साथ शुकवार को बापूधाम में 58 लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आज (शनिवार) आने की उम्मीद है। उधर चंडीगढ़ के रेड जोन बापूधाम कालोनी में प्रशासन की तरफ से कोरोना सैंपल कलेक्टिंग सेंटर बनाया गया है। यह सेंटर बापूधाम के एक स्कूल में बनाया गया है। अब हर संदिग्ध के सैंपल मौके से लेकर टेस्टिंग के लिए भेजे जाएंगे। इसे लेकर प्रशासक के एडवाइजर मनोज परिदा ने हेल्थ डिपार्टमेंट को निर्देश दिए थे। शुक्रवार से यहां संदिग्धों के सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चंडीगढ़ प्रशासन ने बापूधाम निवासियों को एक और सुविधा देने का फैसला किया है, यदि उनके घरों में पर्याप्त जगह न हो तो उनके लिए संगरोध केंद्रों में भी पर्याप्त संख्या में बिस्तर तैयार रखे गए हैं। यह जानकारी वार रूम में गृह सचिव एवं स्वास्थ्य प्रमुख सचिव अरुण गुप्ता ने दी। उन्होंने कहा है कि जो बापूधाम कालोनी से बाहर जाना चाहते हैं और अपने घरों में अत्यधिक भीड़ के कारण सरकारी संगरोध केंद्र में रहना चाहते हैं। ऐसे व्यक्तियों के लिए पर्याप्त संख्या में बिस्तर तैयार रखे गए हैं, जो बाहर रहने के लिए स्वेच्छा से आते हैं। जबकि प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा ने चंडीगढ़ कालेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, सेक्टर-26, चंडीगढ़ के परिसर का निरीक्षण किया, जहां फंसे हुए लोगों को उनके पैतृक स्थानों के लिए ट्रेनों में सवार होने से पहले मेडिकली स्क्रीन पर भोजन और टिकट वितरित किए गए हैं। सलाहकार ने आगे कहा कि अन्य राज्यों के साथ आवश्यक समन्वय किया जा रहा हैए ताकि ट्रेनों को अन्य क्षेत्रों में भी भेजा जा सके। जबकि पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ प्रशासक वीपी बदनोर ने बापूधाम कालोनी क्षेत्र में स्थापित नए नमूना केंद्र के बारे में अपनी संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने स्थानीय निवासियों से इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।