शांता देवी मंदिर
भगवान राम के तीन भाई होने की बात जगजाहिर है, लेकिन बहुत कम लोगों को पता है कि श्रीराम की एक बहन भी थीं, जिनका नाम शांता है। कुल्लू में है श्रीराम की बहन शांता का मंदिर- कुल्लू में स्थित शृंगी ऋषि मंदिर में श्रीराम की बड़ी बहन शांता की पूजा होती है। यह मंदिर कुल्लू से 50 किमी. दूर स्थित है। यहां देवी शांता की प्रतिमा उनके पति शृंगी ऋषि के साथ है। इस मंदिर में दोनों की पूजा हेतु दूर-दूर से भक्त आते हैं। शांता चारों भाईयों से बड़ी थीं। वह राजा दशरथ और कौशल्या की पुत्री थीं, लेकिन पैदा होने के थोड़े ही दिन के बाद उन्हें अंगदेश के राजा रोमपद ने गोद ले लिया था। भगवान राम की बड़ी बहन का पालन-पोषण राजा रोमपद और उनकी पत्नी वर्षिणी ने किया, जो महारानी कौशल्या की बहन अर्थात राम की मौसी थीं।
मौसी ने पाला था श्रीराम की बहन को
शांता के बारे में तीन कथाओं का उल्लेख मिलता है। पहली कथा के अनुसार भगवान श्रीराम की मौसी यानी की कौशल्या की बहन वर्षिणी निःसंतान थीं तथा एक बार अयोध्या में उन्होंने हंसी-हंसी में ही बच्चे की मांग की। दशरथ भी मान गए। रघुकुल का दिया गया वचन निभाने के लिए शांता अंगदेश की राजकुमारी बन गईं। शांता वेद, कला तथा शिल्प में पारंगत थीं और वे अत्यंत सुंदर भी थीं। वहीं दूसरी कथा के अनुसार, शांता जब पैदा हुईं, तब अयोध्या में अकाल पड़ा और 12 वर्षों तक धरती पर धूल हो गई। चिंतित राजा को सलाह दी गई कि उनकी पुत्री शांता ही अकाल का कारण है। राजा दशरथ ने अकाल दूर करने के लिए अपनी पुत्री शांता को दान कर दिया। उसके बाद शांता कभी अयोध्या नहीं आई। इस तरह हुआ था विवाह- देवी शांता के विवाह को लेकर भी एक कहानी बताई जाती है। एक बार ब्राह्मण राजा रोमपद के द्वार पर वर्षा के दिनों में खेती के लिए प्रार्थना करने आता है। राजा रोमपद अपनी बेटी शांता से बातें करने में इतने व्यस्त थे कि वह ब्राह्मण की बात नहीं सुन पाए। ब्राह्मण निराश होकर वहां से चले गए। इंद्र देव अपने भक्त की अनदेखी से क्रोधित होकर राजा रोमपद से नाराज हो गए। जिसके कारण उनके राज्य में वर्षा नहीं हुई और खेत सूख गए। इस संकट से निकलने के लिए राजा रोमपद ने शृंगी ऋषि से उपाय मांगा। ऋषि ने इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए यज्ञ किया। जिसके बाद शृंगी ऋषि से देवी शांता का विवाह कर दिया गया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App