हरियाणा में 23 नए मरीज,1053 हुए संक्रमित, जबकि 14 मरीज हुए हैं ठीक

चंडीगढ़ – हरियाणा में शुक्रवार को कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 1053 पहुंच गई। शुक्रवार को 23 नए मरीज आए हैं, जबकि 14 मरीज ठीक भी हुए हैं। शुक्रवार को महेंद्रगढ़ में 10, कुरूक्षेत्र में पांच, हिसार में चार, रोहतक, सिरसा, रेवाड़ी, फरीदाबाद में एक-एक केस आए। हरियाणा में 695 मरीज ठीक हो चुके हैं, शुक्रवार को 14 मरीज अकेले फरीदाबाद से ठीक हुए। हिसार जिले में एक साथ कोरोना के चार नए पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। दो मामले सर्वोदय अस्पताल से जुड़े हुए हैं। सर्वोदय अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के दो सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। एक पॉजिटिव मरीज गांव चौधरीवास का है। दूसरा मूल रूप से सिरसा का रहने वाला है। लेकिन हाल ही में कुछ दिन अस्पताल के पीछे बैंक कालोनी के नजदीक सुभाष नगर में रहा था। ये दोनों अस्पताल कर्मी जींद के एक कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए थे। जींद का पेगा गांव निवासी एक व्यक्ति कैंसर के इलाज के लिए दो दिन सर्वोदय अस्पताल में भर्ती रहा था। इससे पहले वो मरीज आधार अस्पताल होकर आया था।