कैसे दूर करें अंडरआर्म्स की बदबू

By: May 2nd, 2020 12:01 am

आप किसी के पास बैठे हों और आपके हाथ उठाते ही आपकी बगल वाला व्यक्ति नाक सिकोड़ ले या मुंह पर रूमाल रख ले, तो आपको कैसा लगेगा? जाहिर सी बात है आप शर्मिंदगी महसूस करेंगे। गर्मी के मौसम में पसीने के कारण चिपचिपाहट और अंडरआर्म्स से बदबू की समस्या होना आम है। पसीना निकलना हमारे शरीर के लिए जरूरी है, क्योंकि पसीने के द्वारा शरीर अपना तापमान नियंत्रित करता है। पसीने से होने वाली इस बदबू की वजह से कई बार आपको एलर्जी भी हो जाती है, लेकिन कुछ आसान घरेलू नुस्खों द्वारा इस बदबू से राहत पा सकते हैं।

बेकिंग सोडा का प्रयोग

अंडरआर्म की बदबू को दूर करने का यह सबसे प्रभावी नुस्खा है। इसके लिए नींबू के रस में सिर्फ एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाना है और आपकी अंडरआर्म से आने वाली बदबू पूरी तरह दूर हो जाएगी। बेकिंग पाउडर और नींबू के रस को अच्छे से मिलाएं और अपनी अंडरआर्म पर लगाएं। इन्हें साफ करने से पहले 15 मिनट के लिए छोड़ दें। इसे लगाने के बाद आप देखेंगे कि यह अतिरिक्त पसीने को रोक कर दुर्गंध होने से भी बचाता है।

गुलाबजल का प्रयोग

गुलाबजल त्वचा की बदबू को दूर कर स्किन को म्वाइस्चराइजर करने के लिए अच्छा माना जाता है। अंडरआर्म्स की बदबू को दूर करने के लिए एक कप में गुलाबजल लें और इसमें रुई को भिगोकर अंडरआर्म्स पर लगाएं। आप चाहें तो गुलाबजल का स्प्रे भी कर सकती हैं। अगर आप नहाते समय ही पानी में थोड़ा सा गुलाबजल मिला लें, तो इससे भी पसीने और बदबू की समस्या से राहत मिलेगी।

एप्पल साइडर विनेगर

एप्पल साइडर विनेगर यानी सेब का सिरका भी अंडरआर्म्स से आने वाली दुर्गंध को दूर कर देता है। अंडरआर्म की बदबू का मुख्य कारण वहां पसीने के कारण पैदा होने वाले बैक्टीरिया हैं। सिरके से उस स्थान का पीएच स्तर कम किया जा सकता है और सिरका त्वचा के पोर भी खोलता है। अंडरआर्म्स का पीएच स्तर कम होने से बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया पैदा नहीं होते हैं।

नींबू का प्रयोग

नींबू के प्रयोग से भी आप पसीने और बदबू की समस्या से राहत पा सकते हैं। नींबू में भी एसिडिक गुण होते हैं और ये भी त्वचा के पीएच स्तर को कम करता है। इसके लिए नींबू को आधा काटकर इसके टुकड़े को 10 मिनट तक अंडरआर्म्स पर रगड़ें। फिर सादे पानी से इसे धो लें। आपको दिन भर बदबू की समस्या नहीं होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App