छह दशक बाद एक महीने में दो ग्रहण, ज्योतिषी गुरमीत बेदी का खुलासा; पांच को चंद्र और 21 जून को लगेगा सूर्य ग्रहण, बढ़ाएंगे चिंता

By: May 29th, 2020 12:30 am

ऊना – ज्योतिष के लिहाज से जून महीना बहुत खास है। कोरोना संकट के बीच एक साथ दो ग्रहण लगने जा रहे हैं। पांच जून को इस साल का दूसरा चंद्र ग्रहण लगेगा, जबकि 21 जून को इस साल का पहला सूर्य ग्रहण होगा। एस्ट्रोलॉजी एक विज्ञान पुस्तक के लेखक व ज्योतिष शोधार्थी गुरमीत बेदी के मुताबिक  करीब 58 साल बाद ऐसा योग बना है, जब शनि ग्रह के मकर राशि में वक्री रहते हुए एक साथ चंद्र ग्रहण या सूर्य ग्रहण लगने जा रहे हैं। 1962 में भी ऐसा ही संयोग बना था, जब 17 जुलाई को चंद्र ग्रहण और 31 जुलाई को सूर्य ग्रहण लगा था। बेदी के मुताबिक इस बार खास बात यह भी है कि मकर राशि में ही शनि के साथ-साथ देव गुरु बृहस्पति भी वक्री हैं और इन दोनों की मकर राशि में ही वक्री युति में चंद्र व सूर्य ग्रहण लगने जा रहे हैं। श्री बेदी का कहना है कि ज्योतिष शास्त्र में एक ही महीने में दो ग्रहण लगने को बहुत शुभ नहीं माना जाता। गुरमीत बेदी के अनुसार वर्ष 2020 एक ऐसा साल है, जो छह ग्रहण का साक्षी बनने जा रहा है। 10 जनवरी को इस साल का पहला चंद्र ग्रहण लग चुका है।  पांच जून को दूसरा चंद्र ग्रहण लगेगा, फिर 21 जून को इस साल का पहला सूर्य ग्रहण, पांच जुलाई व 30 नवंबर को चंद्र ग्रहण और 14 दिसंबर को इस साल का आखिरी सूर्य ग्रहण लगेगा। पांच जून का चंद्र ग्रहण वृश्चिक राशि और ज्येष्ठा नक्षत्र में लगने जा रहा है। यह ग्रहण पांच जून की रात 11 बजकर 16 मिनट से प्रारंभ होगा और छह जून को तड़के दो बजकर 34 मिनट तक रहेगा। यानी इस ग्रहण की कुल अवधि तीन घंटे 19 मिनट होगी और यह चंद्र ग्रहण भारत, यूरोप, अफ्रीका, एशिया और ऑस्ट्रेलिया में देखा जाएगा। इस ग्रहण के प्रारंभ होने से 9 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाएगा।

तीन राशियों के लिए शुभ

गुरमीत बेदी ने बताया कि कर्क, तुला व कुंभ राशि वालों के लिए तो यह ग्रहण बहुत शुभ रहने वाला है। कर्क राशि वालों के सुखों में वृद्धि होगी। तुला व कुंभ राशि वालों को धन लाभ होगा। मेष राशि वालों को अपने मान सम्मान के प्रति सजग रहना होगा।

इन राशियों पर प्रभाव

मिथुन राशि वालों को स्त्री पक्ष से चिंता हो सकती है। सिंह राशि वालों को भी उधेड़बुन लगी रहेगी। कन्या राशि वालों को मानसिक क्लेश हो सकता है। वृश्चिक, धनु और मकर राशि वालों को कोई न कोई नुकसान उठाना पड़ सकता है जबकि मीन राशि वालों के सुखों में कमी आएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App