नई खेल नीति को रिकार्ड किए सुझाव

By: May 26th, 2020 12:10 am

खेल मंत्री ने ऑनलाइन बैठक के दौरान विभिन्न संघों के पदाधिकारियों से की बातचीत

मंडी –प्रदेश युवा सेवाएं, खेल एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने प्रदेश के खेल संघों के पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। इस दौरान उन्होंने वर्ष 2020-21 की खेल नीति के ड्राफ्ट के लेकर सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने खिलाडि़यों की सुविधा के लिए प्रदेश में अच्छी खेल नीति लाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान खेल संघों के पदाधिकारियों ने खेल उपलब्धियों से अवगत करवा कर प्रदेश में खिलाडि़यों की सुविधा के लिए संरचनात्मक ढांचे को मजबूत करने के लिए कोच की नियुक्ति व वित्तीय संसाधन बढ़ाने की मांग की। प्रदेश नेटबॉल संघ के महासचिव अशोक आनंद ने बताया कि प्रदेश में 1984 से नेटबॉल खेल को खेला जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार भाग ले रहे हैं, लेकिन अभी तक खेल को सी ग्रेड में रखा गया है। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया कि ऐसे खेलों को ए, बी ग्रेड में डाला जाए। उन्होंने प्रदेश में खेल ढांचे को मजबूत करने की मांग उठाई। प्रदेश वुशू खेल संघ के महासचिव पीएन आजाद ने कहा कि वुशू खेल अभी तक प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में 128 से अधिक मेडल दिला चुका है और खिलाडि़यों का बेहतर प्रदर्शन लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाडि़यों को अरीना की सुविधा नहीं है। उन्होंने खेल मंत्री से मांग की कि खिलाडि़यों की सुविधा से लिए प्रदेश में संरचनात्मक ढांचा तैयार किया जाए, ताकि खिलाडि़यों का पलायन रोका जा सके। इसके अलावा  बैडमिंटन खेल संघ के प्रदेश महासचिव राजेंद्र शर्मा ने बैडमिंटन खेल की उपलब्धियों से खेल मंत्री को विस्तार से अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की खेल नीति का ड्राफ्ट खिलाडि़यों और खेल संघों के अनुरूप हो, ताकि ज्यादा से ज्यादा लाभ खिलाडि़यों को मिल सके। वेट लिफ्टिंग के आरके जम्वाल, मदन लाल, एसके शांडिल, केवल पठानिया, राकेश ठाकुर, राजेश भंडारी, नीरज, रोशन ठाकुर, यशपाल ठाकुर व अन्य ने अपने खेल की उपलब्धियों का ब्यौरा देते हुए प्रदेश में खेल के ढांचे को मजबूत करने के सुझाव दिए। इस दौरान सरकाघाट से प्रसिद्ध समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा, जिला युवा सेवाएं खेल अधिकारी मुख्य कार्यालय अनुराग वर्मा भी उपस्थित रहे।

17 संघों ने की विस्तार से चर्चा

करीब अढ़ाई घंटे चली ऑनलाइन बैठक में प्रदेश के करीब 17 खेल संघों से विस्तार से चर्चा की गई। खेल मंत्री ने  प्रदेश में खिलाडि़यों की सुविधा के लिए खेल नीति तैयार करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो इस तरह की बैठक दोबारा आयोजित की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App