नई खेल नीति में शामिल हो शतरंज

मंडी – प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को बढ़ाने के लिए नई खेल नीति बनाने को जिला मंडी शतरंज संघ ने महत्त्वपूर्ण कदम माना है। वर्तमान समय में नई नीति के चलते खेल गतिविधियों को काफी लाभ पहुंचेगा। बता दें कि हाल ही में प्रदेश युवा सेवाएं खेल एवं परिवहन मंत्री गोबिंद सिंह ठाकुर ने प्रदेश के खेल संगठनों के साथ ऑनलाइन बैठक कर नई खेल नीति ड्राफ्ट के बारे में सुझाव प्राप्त किए। इसमें जिला शतरंज संघ ने हैरानी जताई कि वर्तमान परिदृश्य में प्रदेश में शतरंज खेल जिस रफ्तार से लोकप्रियता प्राप्त कर रहा है, ऐसे में शतरंज खेल संघ की किसी भी रजिस्टर्ड इकाई को इस बैठक में शामिल न करना समझ से परे है। जिला मंडी शतरंज संघ के अध्यक्ष जीत राम ठाकुर ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश शतरंज लॉकडाउन के चलते भी ऑनलाइन माध्यम से अविलंब जारी है और इस मुश्किल घड़ी में मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए सहायता राशि एकत्रित की गई है, जिसे उपायुक्त मंडी के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा करवाया गया। इस अवसर पर सत्य प्रकाश शर्मा, देश राज शर्मा, नीरज, सीनियर नेशनल आर्बिटर राज कुमार शर्मा, मनसा राम, अरविंद, प्रवीण शर्मा व दलीप चौहान सहित अन्य सहयोगी सदस्य मौजूद थे। विश्व रिकार्ड होल्डर चैस मैराथन हंस राज ठाकुर ने कहा है कि  आज शतरंज खेल को प्रदेश में इस मुकाम तक ले जाने में शतरंज प्रेमी शिक्षकों व जिला मंडी शतरंज संघ का भी प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग प्राप्त है। गत वर्ष अंडर-19 ट्रायल में प्रदेश के बारह में से 11 जिलों ने भाग लिया व राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

खेल को ए श्रेणी में किया जाए शामिल

जिला मंडी शतरंज संघ ने उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर के माध्यम से खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से यह मांग की है कि नई खेल नीति ड्राफ्ट में शतरंज खेल को बढ़ावा देने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। खेल को कम खर्चे व ज्यादा सहभागिता के चलते ए श्रेणी का दर्जा प्रदान किया जाए। इस सत्र से अंडर-19 वर्ग की स्कूली खेलकूद स्पर्धा में शतरंज खेल स्थायी रूप से लागू किया जाए।