नालागढ़ में चली धूल भरी आंधी

By: May 29th, 2020 12:05 am

नालागढ़ – नालागढ़ में गुरुवार सांय एकाएक चारों ओर अंधेरा सा छा गया और लोगों ने घरों से बाहर निकलकर देखा तो चारों ओर धूल भरी आंधी आई हुई थी। धूल के उड़ते गुब्बारों से चारों ओर अंधकार सा छा गया और नालागढ़ शहर की शिवालिक तराइयों की पहाड़ी भी धुंधली हो गई। इस पहाड़ी को धुंध भरी आंधी ने अपने आगोश में ले लिया और चारों ओर धूल के उड़ते गुब्बार नजर आए। हालांकि कुछ समय बाद धूल भरी आंधी छंटनी शुरू हो गई। इंद्रदेव तो नहीं बरसें, लेकिन क्षेत्र के अधिकतम तापमान में गिरावट अवश्य आई। जानकारी के अनुसार नालागढ़ शहर चारों ओर से धूल के अंबार से घिर गया और धूल मिट्टी के उड़ते गुब्बार चारों ओर छा जाने से अंधकार सा छा गया। लोग अपने घरों से बाहर निकले, लेकिन चारों ओर धूल मिटटी का आवरण घिरा हुआ था। बारिश न होने का क्षेत्र के लोगों को मलाल रहा, वहीं किसानों की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया। आजकल क्षेत्र के किसान धान व मक्की सहित सब्जियों की बिजाई का काम करते है, लेकिन इंद्रदेव के न बरसने से किसान मायूस हो गए है। नौणी विवि के पर्यावरण विज्ञान विभागाध्यक्ष डा. एसके भारद्वाज ने बताया कि 31 मई तक मौसम के परिवर्तशील रहने के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावनाएं है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App